Bob Biswas Review: अभिषेक बच्चन का दिखा दम, लेकिन ‘बॉब’ की कहानी पर ‘बिस्वास’ करना होगा मुश्किल

मुंबई
फिल्म: बॉब बिस्वास
कलाकार: अभिषेक बच्चन, चित्रांगदा सिंह, समारा तिजोरी, जिशु नारंग, पूरब कोहली, अमर उपाध्याय।
निर्देशक: दिव्या अन्नपूर्णा घोष
ओटीटी: जी5
निर्देशक सुजॉय घोष 2012 में विद्या बालन की मुख्य भूमिका से सजी फिल्म ‘कहानी’ लेकर आए थे। दमदार पटकथा के अलावा फिल्म के हर एक किरदार ने अपने अभिनय से छाप छोड़ी थी। उस फिल्म में सास्वत चटर्जी ने बॉब बिस्वास की भूमिका की थी, जो कि एक बीमा एजेंट रहता है। वह कॉन्ट्रैक्ट किलर भी करता है। इसी बॉब बिस्वास की बैक स्टोरी को फिल्म के रूप में लेकर आई हैं सुजॉय घोष की बेटी दिव्या अन्नपूर्णा घोष। दिव्या पहले भी अपने पिता सुजॉय के साथ मिलकर काम करती रही हैं। अब उन्होंने निर्देशक के तौर पर डेब्यू किया है।
क्या है कहानी?
फिल्म की कहानी की शुरुआत बॉब (अभिषेक बच्चन) के 8 साल के कोमा से जागने के साथ शुरू होती है। वह किस वजह से कोमा में रहे यह नहीं बताया गया है। बॉब की याददाश्त चली गई है। उसे बताया जाता है कि उसकी पत्नी (चित्रांगदा सिंह) और दो बच्चे (समारा तिजोरी और रोनित अरोड़ा) हैं। वह एक बीमा एजेंट हुआ करता था। बॉब अपनी सामान्य जिंदगी जीने की कोशिश करता है लेकिन उसके कत्ल की सुपारी देने वाले उसे कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के काम में वापस लाते हैं। धीरे-धीरे उसकी याददाश्त वापस आने लगती है तो उसे अपराधबोध भी होता है। अब वह सुधरना चाहता है लेकिन कुछ लोग उसे ऐसा करने नहीं देते।
कहां रह गई कमी
दिव्या अन्नपूर्णा घोष ने बॉब बिस्वास की कहानी को और रोचक बना सकती थीं। फिल्म की कहानी क्या होने वाली है कई मौकों पर आप इसका आसानी से अंदाजा लगा सकते हैं। फिल्म का पहला हाफ उबाऊ लगने लगता है जहां कहानी में कोई नयापन नहीं है। यह कहना मुश्किल है कि यह अभिनेता की गलती है या सुजॉय घोष के स्क्रीनप्ले में ही कमी रह गई। अभिषेक बच्चन किरदार के साथ कोशिश करते हैं। अभिनय से वह छाप छोड़ने में सफल रहे। फिल्म के कमाल के शॉट के लिए गैरिक सरकार की तारीफ करनी होगी। सुजॉय घोष और राज वसंत के लिखे डायलॉग अच्छे हैं।
क्यों देखें
बॉब बिस्वास की कहानी जहां खत्म होती है समझ से परे होता है। 2 घंटे फिल्म देखने के बाद भी जवाब नहीं मिलता जैसे वह हत्यारा कैसे बना? वह कौन है? नतीजतन फिल्म के साथ दर्शक जुड़ नहीं पाते हैं। अभिषेक बच्चन के फैन हैं तो जी5 पर रिलीज हुई इस फिल्म को देख सकते हैं।