मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह भगोड़ा घोषित, होगी सारी संपत्ति कुर्क

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। लगातार समन जारी होने के बाद पुलिस के सामने पेश ना होने के कारण मुंबई की अदालत ने परमबीर सिंह को आधिकारिक रूप से भगोड़ा घोषित कर दिया है। परमबीर सिंह को 30 दिनों के भीतर हाजिर होने का अल्टीमेटम भी दिया गया है। ऐसे में अगर वो समय पर हाजिर नहीं होते हैं तो उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मंबई के गोरेगांव की एक वसूली के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की ओर से परमबीर सिंह को कई बार समन भेजे गए थे, लेकिन वे पूछताछ और जांच के लिए हाजिर नहीं हुए। बार-बार समन भेजे जाने के बाद भी जब परमबीर सिंह हाजिर नहीं हुए तो क्राइम ब्रांच ने अतिरिक्त मुख्य महा दंडाधिकारी न्यायालय से उन्हें फरार घोषित करने की अपील की थी। कोर्ट ने बुधवार को यह अपील मंजूर कर ली। परमबीर सिंह के साथ विनय सिंह और रियाज भाटी को भी फरार घोषित किया गया है।
अगर परमबीर सिंह 30 दिनों के भीतर सामने नहीं आते हैं, तो मुंबई पुलिस उनकी संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। पिछले छह महीने से परमबीर सिंह लापता हैं। शनिवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह को उपनगर गोरेगांव में एक पुलिस थाने में उनके तथा अन्य के खिलाफ दर्ज वसूली के मामले में भगौड़ा आरोपी घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।