IND vs ENG: क्या नॉटिंघम और लॉर्ड्स की तरह हैडिंग्ले में भी परेशान करेगी बारिश, जानें पहले दिन के मौसम का हाल

खेल

,नई दिल्ली

लॉर्ड्स में खेले गए पिछले मैच में दर्शकों को एक रोमांचक मैच दिखाने वाली भारत और इंग्लैंड की टीमें अब लीड्स के हैडिंग्ले मैदान पर आमने-सामने होंगी। यह मैच आज यानी बुधवार से शुरू होगा। इस मैच में जीत हासिल कर भारत उस स्थिति में जाना चाहेगा, जहां उसके सीरीज हारने की संभावनाएं एकदम खत्म हो जाएंगी, जबकि जो रूट की कप्तानी वाली इंग्लैंड की टीम सीरीज में वापसी करने के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगाने के लिए तैयार है। सीरीज के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण इस मैच में दोनों ही टीमें चाहेंगी कि हर बार की तरह इस बार भी मौसम सिरदर्द न बने।

अक्सर कहा जाता है कि इंग्लैंड में मौसम को लेकर भविष्यवाणी करना बेहद मुश्किल है। यह बात समय-समय पर सही साबित भी हो जाती है। दोनों टीमों के बीच नॉटिंघम में खेला गया पहला मैच बारिश की वजह से ही ड्रॉ हुआ था, जबकि लॉर्ड्स में भी थोड़ा ही सही, लेकिन खेल जरूर खराब हुआ था। दोनों टीमों के खिलाड़ियों की तरह ही फैन्स भी चाहेंगे कि इंद्र देवता इस मैच में बिलकुल दखल न दें।

headingley weather update

मौसम विभाग के अनुसार, मैच के पहले दिन बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना कम है। सुबह का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान 73 फीसदी ह्यूमिडिटी रहने की उम्मीद है। दोपहर के दौरान भी आसमान साफ ​​रहने की उम्मीद है, लेकिन टैम्परेचर के उतना ही रहने की संभावना है। इस दौरान ह्यूमिडिटी लगभग 65 प्रतिशत, लेकिन बारिश की संभावना बिलकुल नहीं है। सिर्फ आज ही नहीं बल्कि आने वाले दिनों में भी यहां बारिश की कोई संभावना दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में क्रिकेट फैंस को इस पूरे मुकाबले को देखने का मौका मिल सकता है।

हैडिंग्ले में परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के अनुकूल रहने की संभावना है और भारत चार तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है। ऐसे में रविचंद्रन अश्विन के लिए प्लेइंग इलेवन में फिर से जगह नहीं बन पाएगी। शार्दुल ठाकुर फिट हो गएं हैं, लेकिन लगता नहीं कि कोहली अपने फास्ट बॉलिंग अटैक में किसी तरह का बदलाव करेंगे।
पहले टेस्ट में नहीं खेल पाने वाले ईशांत शर्मा ने लॉर्ड्स में प्रभावशाली बॉलिंग की, जिससे इस अनुभवी तेज गेंदबाज को शार्दुल पर प्राथमिकता मिलने की संभावना है। ठाकुर बॉलिंग में ईशांत से कमतर लेकिन बल्लेबाजी में बेहतर हैं।

इस आर्टिकल को शेयर करें