नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट का पहला दिन टीम इंडिया के नाम रहा और केएल राहुल और रोहित शर्मा ने शानदार पारी खेली। राहुल शतक जमाने के बाद 127 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। लॉर्ड्स टेस्ट का दूसरा दिन दोनों ही टीमों के लिहाज से काफी अहम होने वाला है। एक तरफ जहां भारत पहली पारी में ज्यादा से ज्यादा स्कोर बनाने की तरफ देखेगा। वहीं, इंग्लिश गेंदबाजों की कोशिश होगी कि टीम इंडिया की पारी को जल्द से जल्द समेट दिया जाए। इसी बीच, भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने बताया है कि टेस्ट के दूसरे दिन विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपनी बैटिंग से धमाल मचा सकते हैं।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश ने कहा कि अगर भारत को इस मैच पर अपना और कंट्रोल बनाना है तो ऋषभ पंत को अपना ताबड़तोड़ रूप अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि पंत की बैटिंग जब आएगी तब तक इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने काफी ओवर गेंदबाजी कर ली होगी जिसका फायदा भारतीय विकेटकीपर को मिलेगा। पूर्व क्रिकेटर ने दूसरे दिन के खेल को लेकर भविष्यवाणी करते हुए बताया कि टीम इंडिया पहली पारी में 375 से ज्यादा का स्कोर बनाने में सफल होगी। आकाश ने प्रिडिक्शन करते हुए कहा कि एंडरसन अभी दो और भारतीय बल्लेबाजों को चलता करेंगे, जबकि केएल राहुल 150 का आंकड़ा पार करने में कामयाब हो जाएंगे।
आकाश ने रोहित शर्मा की बैटिंग की जमकर तारीफ करते हुए उनकी इस इनिंग को विदेशी सरजमीं पर खेली अबतक की बेस्ट पारी बताया। उन्होंने कहा कि रोहित काफी जल्द एक बड़ी पारी खेलेगे। पूर्व सलामी बल्लेबाज ने पुजारा के शॉट सिलेक्शन को खराब बताया और कहा कि वह अपनी इस इनिंग के दौरान बहुत संघर्ष करते दिखाई दिए। पुजारा को जेम्स एंडरसन ने 9 रनों के स्कोर पर चलता किया। पुजारा काफी लंबे समय से अपनी फॉर्म से जूझ रहे हैं।
