.भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, हर हाल में इसकी रक्षा करेंगे : राहुल गांधी

Breaking News

Loading

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संविधान दिवस के अवसर पर कहा कि भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं, बल्कि देश की आत्मा है और हर हाल में इसकी रक्षा की जाएगी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान के मूल आदर्शों की रक्षा को…

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संविधान दिवस के अवसर पर कहा कि भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं, बल्कि देश की आत्मा है और हर हाल में इसकी रक्षा की जाएगी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संविधान के मूल आदर्शों की रक्षा को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए लोकतंत्र और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं – देश की आत्मा है। ये हर नागरिक की गरिमा का कवच है, हर आवाज की ताकत है, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे का रक्षक।’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘यही हमारे लोकतंत्र की नींव है, और अन्याय के खिलाफ हमारा सबसे बड़ा हथियार। संविधान दिवस पर संकल्प दोहराता हूं कि हम हर हाल में इसकी रक्षा करेंगे और हर भारतीय के अधिकार के लिए लड़ते रहेंगे।’

वहीं, खरगे ने संविधान दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने आंबेडकर के कथन, ‘राजनीतिक लोकतंत्र तब तक टिक नहीं सकता, जब तक उसके आधार में सामाजिक लोकतंत्र न हो’ को उद्धृत किया। खरगे ने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और बाबासाहेब आंबेडकर सहित आधुनिक भारत की नींव रखने वाले सभी राष्ट्रनायकों को नमन किया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संविधान के मूल आदर्शों-न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुता, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद की रक्षा करना सबसे बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। खरगे ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तथा देश की एकता, अखंडता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।