![]()
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि नोटबंदी और वोटबंदी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं क्योंकि नोटबंदी के जरिए आम आदमी की कमाई और आजीविका पर चोट की गई थी, जबकि अब वोटबंदी के जरिए उसके लोकतांत्रिक अधिकार और आवाज को निशाना बनाया जा रहा है।
नई दिल्ली
कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि नोटबंदी और वोटबंदी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं क्योंकि नोटबंदी के जरिए आम आदमी की कमाई और आजीविका पर चोट की गई थी, जबकि अब वोटबंदी के जरिए उसके लोकतांत्रिक अधिकार और आवाज को निशाना बनाया जा रहा है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि सत्ता के अहंकार में पहले जनता की कमाई और आजीविका पर चोट की गई थी और अब उसके वोट तथा आवाज पर चोट हो रही है।
उन्होंने कहा, ”नोटबंदी और वोटबंदी, एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। तब सत्ता के अहंकार में जनता की कमाई और आजीविका पर चोट हुई थी, अब उसके वोट और आवाज पर चोट हो रही है।” रमेश ने आरोप लगाया कि वोट चोरी केवल चुनाव में गड़बड़ी का मामला नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ‘जुगलबंदी’ के जरिये जनता के अधिकार, उसकी आवाज और सरकार को जवाबदेह बनाने की ताकत पर बड़ा हमला है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में गरीबों, मजदूरों, किसानों, वंचितों, सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों, युवाओं और मध्यम वर्ग के पास अपनी बात मनवाने का सबसे बड़ा हथियार उनका वोट है। इसी के जरिए जनता सरकारों को अपनी नीतियों और उनके परिणामों के लिए जवाबदेह बनाती है। कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि सरकार को जब जनता के जनादेश की परवाह नहीं रहती, तो उसकी नीतियों में भी अहंकार दिखाई देने लगता है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी स्थिति में दो मित्र पूंजीपतियों के कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता मिलती है, जबकि आम आदमी महंगाई का, युवा बेरोजगारी का और किसान अपनी मांगों से जुड़े संघर्ष का सामना करते हैं।
रमेश ने मनरेगा की जगह नई व्यवस्था लाने, कॉरपोरेट चंदे और नीतिगत प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इनसे आम नागरिकों, ग्रामीण मजदूरों और युवाओं के अधिकार प्रभावित हुए हैं। उनका कहना है कि महंगाई से आम लोगों की जेब, बेरोजगारी से युवाओं के भविष्य और मतदाता सूची से नाम गायब होने से सरकार चुनने तथा उससे जवाब मांगने के अधिकार पर चोट पहुंचती है।
रमेश ने कहा, ”वोट सिर्फ सरकार बनाने का अधिकार नहीं है। यह सरकार को जवाबदेह बनाने का अधिकार है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई केवल वोट बचाने की नहीं, बल्कि हर नागरिक का अधिकार बचाने की है।
