बिलकीस एक महिला और मुसलमान होने की कीमत चुका रही हैं: पवन खेड़ा

Breaking News

Loading

कांग्रेस ने बिलकीस बानो मामले में दो दोषियों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत दिए जाने के उच्चतम न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को कहा कि बिलकीस को एक बार फिर अपमान और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है तथा एक महिला व मुस्लिम होने की कीमत चुकानी…

नई दिल्ली

कांग्रेस ने बिलकीस बानो मामले में दो दोषियों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत दिए जाने के उच्चतम न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को कहा कि बिलकीस को एक बार फिर अपमान और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है तथा एक महिला व मुस्लिम होने की कीमत चुकानी पड़ रही है।

कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर कहा कि दो दोषियों को जमानत दिए जाने के बाद बिलकीस बानो ने एक बयान जारी कर कहा है कि यह फैसला उन्हें सूचित किए बिना लिया गया। खेड़ा ने कहा, ”उन्होंने (बिलकीस बानो ने ) यह भी घोषणा की है कि वह जमानत के फैसले को चुनौती देंगी। उनके साथ हुई क्रूर और जघन्य वारदात ही क्या कम थी कि अब उन्हें एक बार फिर अपमान और मानसिक आघात झेलने के लिए मजबूर किया जा रहा है। एक महिला होने और उससे भी अधिक मुस्लिम होने की यही कीमत चुकानी पड़ती है।”

मीडिया में जारी बयान में बिलकीस बानो ने गुजरात में 2002 के दंगों के दौरान उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए दो लोगों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत देने के उच्चतम न्यायालय के आदेश पर हैरानी और अविश्वास जताया है। न्यायमूर्ति एम एम सुंदरेश और न्यायमूर्ति पी बी वराले की पीठ ने 28 अक्टूबर को पारित आदेश में दोषियों बिपिन चंद्र जोशी और प्रदीप मोरधिया की उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी।

पीठ ने कहा कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं और उनमें से एक गंभीर रूप से दिव्यांग है। बिलकीस बानो फरवरी, 2002 में गोधरा ट्रेन अग्निकांड के बाद भड़के सांप्रदायिक दंगों के दौरान सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई थीं। उस समय वह 21 वर्ष की थीं और पांच महीने की गर्भवती थीं। उनकी तीन साल की बेटी समेत परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। दोनों दोषी उन 11 लोगों में शामिल हैं, जिनकी समयपूर्व रिहाई को उच्चतम न्यायालय ने 2024 में रद्द कर दिया था।