युवक को साड़ी पहनाई, नशीला पदार्थ पिलाया और खून निकलने तक की दरिंदगी; रांची जेल अधीक्षक समेत 19 पर केस

क्राइम

Loading

रांची की होटवार जेल में 20 वर्षीय युवक से तीन बार सामूहिक यौनाचार का गंभीर मामला सामने आया है. जेल अधीक्षक समेत 19 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. जानें पूरा मामला.

Hotwar Jail Sexual Assault Case: राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में एक विचाराधीन बंदी के साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि जेल में बंद कैदियों के एक गिरोह ने 20 वर्षीय युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक यौनाचार किया. जेल से रिहा होने के बाद युवक लंबे समय तक मानसिक सदमे में रहा. बाद में उसने अपने परिजनों को जेल के भीतर हुई घटनाओं की जानकारी दी. पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. 12 नवंबर की शाम 6:05 बजे दर्ज प्राथमिकी में जेल के भीतर 16 कैदियों के अलावा जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर समेत कुल 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है.

त्योहारों के दौरान तीन बार वारदात का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित युवक एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में होटवार जेल में बंद था. रांची की अदालत ने उसे 12 जून 2026 को बरी कर दिया था. शिकायतकर्ता पिता का आरोप है कि 31 जनवरी 2026 से 12 जून 2026 के बीच जेल के अंदर उनके बेटे के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक यौनाचार किया गया.

पहली घटना एक त्योहार की रात की बतायी गयी है. आरोप है कि कैदियों के गिरोह ने युवक को जबरन साड़ी पहनाकर उसका शृंगार किया. इसके बाद नशीला तरल पदार्थ पिलाकर उसे बेहोशी की हालत में वार्ड संख्या 3-ए में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया. दूसरी घटना भी त्योहार के मौके पर हुई. आरोप है कि उसी गिरोह ने युवक को जबरन नशीला पदार्थ खिलाकर तीन नंबर ग्राउंड हॉल में वारदात को अंजाम दिया. तीसरी घटना भी त्योहार के दिन वार्ड संख्या पांच में होने का आरोप लगाया गया है.

शिकायत करने पर वार्ड इंचार्ज ने आवेदन फाड़ा

पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाये हैं. प्राथमिकी के अनुसार, युवक ने जब जेल के भीतर हुई घटनाओं की लिखित शिकायत वार्ड इंचार्ज से की, तो उसके साथ गाली-गलौज की गयी और शिकायत वाला आवेदन फाड़ दिया गया. पिता का आरोप है कि अत्यधिक रक्तस्राव होने पर जब उनका बेटा इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा, तो मेडिकल अफसर ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया और बिना इलाज किये वापस भेज दिया.

रिहाई के समय मेडिकल जांच नहीं कराने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, 12 जून 2026 को जेल से रिहाई के समय भी जेल प्रशासन ने युवक की अनिवार्य मेडिकल जांच नहीं करायी. जेल से बाहर आने के बाद युवक गहरे मानसिक सदमे में रहा. काफी समय बाद उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी दी. इसके बाद पिता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करायी.

जेल अधीक्षक समेत 19 लोगों को बनाया गया आरोपी

इस मामले में वार्ड संख्या 14 और 15 में बंद कैदियों के अलावा जेल के तीन अधिकारियों को भी नामजद किया गया है. प्राथमिकी में साक्ष्य छिपाने और साजिश रचने से जुड़े आरोप भी लगाये गये हैं. मामला दर्ज होने के बाद खेलगांव थाना के सब-इंस्पेक्टर कुमार शिवम को अनुसंधानकर्ता (आइओ) नियुक्त किया गया है.

मामले में ये बनाये गये हैं आरोपी

प्राथमिकी में वार्ड संख्या 14 और 15 के कैदियों पिट्टू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबिसर लोहरा, कैंटीन ब्वॉय पवन, मंटू, धनेश्वर बढ़ई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव, पोगो, संतोष उरांव और सिपाही सिंह को आरोपी बनाया गया है. इनके अलावा वार्ड इंचार्ज, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर भी नामजद हैं.