ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने में जुटे, दूसरी तरफ यूरोप भारत को घेर रहा, क्यों लगी मिर्ची?

World News

Loading

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए पुतिन से बातचीत आगे बढ़ा रहे हैं. दूसरी तरफ यूरोपीय संसद में जर्मन नेता माइकल गाहलर ने भारत के रूस से तेल खरीदने पर नाराजगी जताई. हालांकि, उन्होंने माना कि यूरोप भारत और चीन को यह नहीं बता सकता कि वे किस देश से तेल खरीदें और किससे नहीं. उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से तेल की कमी का भी जिक्र किया.

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग खत्म कराने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब सीधे बातचीत का रास्ता अपना रहे हैं. उनके दूत रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिल रहे हैं. यूक्रेन के साथ भी बातचीत आगे बढ़ रही है. यहां तक कि आने वाले दिनों में ट्रंप और पुतिन की मुलाकात की तैयारी भी है. लेकिन दूसरी तरफ यूरोप में कुछ नेता अभी भी युद्ध खत्म करने की जगह रूस के साथ भारत के तेल कारोबार को लेकर सवाल उठाने में लगे हैं. यूरोपीय संसद में एक बार फिर भारत का नाम लेकर रूस से तेल खरीदने पर चर्चा हुई.

इस बार सवालों के घेरे में भारत और चीन थे. एक जर्मन नेता से पूछा गया कि रूस पर प्रतिबंध लगाने के बाद भी उसे तेल बेचने के लिए दूसरे खरीदार कैसे मिल रहे हैं? लेकिन जवाब में उसे रियलिटी चेक मिल गया. इस पर जर्मनी के यूरोपीय संसद सदस्य माइकल गाहलर ने माना कि यूरोप भारत और चीन को रूस से तेल खरीदने से रोक नहीं सकता. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भारत और चीन का रूस से सस्ता तेल खरीदना पसंद नहीं है.

‘भारत को नहीं रोक सकते’

यूरोपीय संसद में हुई चर्चा के दौरान माइकल गाहलर (Michael Gahler) से पूछा गया कि क्या यूरोप के लिए यह सही रणनीति है कि उसके प्रतिबंधों से वहां के उद्योगों को नुकसान हो और भारत-चीन को सस्ता तेल और गैस मिले? इस पर गाहलर ने कहा कि यूरोप भारत या चीन को यह आदेश नहीं दे सकता कि वे क्या करें और क्या न करें. उन्होंने कहा कि उन्हें भारत और चीन के रूस से तेल खरीदने की स्थिति पसंद नहीं है, लेकिन यूरोप इसे रोक नहीं सकता.
गाहलर ने इसकी वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से दुनिया में तेल की कमी जैसी स्थिति बन गई है. ऐसे में हर देश अपनी जरूरत के हिसाब से तेल हासिल करने की कोशिश कर रहा है. यानी एक तरफ यूरोपीय नेता खुद मान रहे हैं कि भारत को अपने तेल खरीदने के फैसले लेने का अधिकार है और यूरोप उसे रोक नहीं सकता. दूसरी तरफ भारत के रूस से तेल खरीदने को लेकर नाराजगी भी जता रहे हैं.

ट्रंप के दूत पुतिन से मिले

यूरोपीय संसद में भारत पर चर्चा ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए बातचीत तेज कर रहा है. 12 नवंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने मॉस्को में पुतिन से मुलाकात की. क्रेमलिन के अधिकारी यूरी उशाकोव ने इस बातचीत को उपयोगी बताया. रूस ने कहा है कि पुतिन इस महीने चीन में होने वाले APEC सम्मेलन के दौरान ट्रंप से यूक्रेन युद्ध पर आगे चर्चा करेंगे. यानी दोनों देशों के बीच बातचीत का रास्ता खुला हुआ है.
इससे पहले अबू धाबी में अमेरिका, रूस और यूक्रेन के अधिकारियों के बीच बातचीत हुई थी. करीब नौ महीने के अंतराल के बाद तीनों पक्षों के बीच इस तरह की सीधी बातचीत फिर शुरू हुई. हालांकि, युद्ध खत्म करने को लेकर कोई बड़ा समझौता नहीं हुआ, लेकिन युद्धबंदियों की बड़ी अदला-बदली पर सहमति बनने की बात सामने आई.