![]()
‘लोकतंत्र के लिए दुखद दिन होगा’: बॉम्बे हाईकोर्ट ने प्रदर्शनकारी पर दर्ज एफआईआर की रद्द; और क्या कहा?
खराब सड़क के खिलाफ प्रदर्शन करने पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने एफआईआर और आरोपपत्र को रद्द करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन दबाने के लिए मुकदमे चलाना लोकतंत्र के लिए दुखद होगा। कोर्ट ने और क्या कहा?
मुंबई
बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए अगर आपराधिक मुकदमों का इ्स्तेमाल किया जाता है, तो यह लोकतंत्र के लिए दुखद दिन होगा। हाईकोर्ट ने खराब सड़क के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल एक व्यक्ति पर दर्ज प्राथमिकी (एफआईआर) को रद्द करते हुए यह बात कही।
हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के रहने वाले निष्कर्ष निमगड़े के खिलाफ दर्ज एफआईआर और आरोपपत्र रद्द कर दिया।
मामला क्या हुआ था?
निमगड़े इस साल जनवरी में नांदगांव गांव में खराब सड़कों के खिलाफ हुए आंदोलन में शामिल हुए थे। गांव के लोगों ने यह आंदोलन एक सड़क हादसे के बाद किया था। खराब सड़क के कारण एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
लोगों ने सड़क ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद निमगड़े ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर और आरोपपत्र रद्द करने की मांग की थी। पुलिस का दावा था कि प्रदर्शनकारियों ने गैरकानूनी तरीके से एक जगह इकट्ठा होकर सड़क जाम की थी।
कोर्ट ने फैसले में और क्या कहा?
हालांकि, हाईकोर्ट ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 19(1)(बी) लोगों को शांतिपूर्वक और बिना हथियारों के एकत्र होने का अधिकार देता है। कोर्ट ने कहा, इस मौलिक अधिकार पर उचित पाबंदियां लगाई जा सकती हैं। लेकिन अस्पष्ट आरोपों के आधार पर इस अधिकार को कमजोर या दबाया नहीं जा सकता।
हाईकोर्ट ने टिप्पणी की, संविधान के तहत विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार और आपराधिक मुकदमे शुरू करने के बीच की सीमा को धुंधला नहीं होने दिया जा सकता। अगर ऐसी सोच को बढ़ावा मिलता है, तो यह लोकतंत्र के लिए दुखद दिन होगा। कोर्ट ने आगे कहा कि याचिकाकर्ता के खिलाफ आपराधिक मुकदमा शुरू करना न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग करने के अलावा कुछ नहीं है।
