8 घंटे के धरने के बाद राहुल-प्रियंका गांधी हिरासत में, इंडिया ब्लॉक के नेताओं को भी ले गई दिल्ली पुलिस

दिल्ली

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया. ‘इंडिया’ ब्लॉक के नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया.

INDIA Bloc Protest: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार रात आकाशवाणी भवन परिसर से हिरासत में ले लिया. दोनों नेता करीब आठ घंटे से धरना स्थल पर बैठे थे. पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस समेत कुछ सहयोगी दलों के नेताओं को बस में बैठाकर वहां से ले गई.

आकाशवाणी भवन परिसर में दिया धरना

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार दोपहर निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए थे. पुलिस ने विपक्षी नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया था. इसके बाद दोनों नेता परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठ गए और धरना शुरू कर दिया.

उनके साथ कांग्रेस के कई अन्य नेता भी धरने पर बैठे. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने को कहा, लेकिन नेताओं ने निर्वाचन आयोग तक जाने की अनुमति देने या धरने के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराने की मांग की.

निर्वाचन आयोग तक मार्च निकाल रहे थे विपक्षी सांसद

इससे पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के सांसदों ने मंगलवार को संसद मार्ग से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक मार्च निकाला. पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया और कई सांसदों व नेताओं को हिरासत में ले लिया.

विपक्षी दलों का यह प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमारके इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर है. विपक्षी नेता चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर अपनी आपत्तियां उठा रहे हैं.

विपक्ष की क्या है मांग?

विपक्षी दलों की प्रमुख मांग मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और SIR की

प्रक्रिया को रद्द करने की है. इस मुद्दे पर मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने निर्वाचन आयोग के कार्यालय तक मार्च करने की कोशिश की थी.

वहीं, निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें किसी राजनीतिक दल की ओर से आयोग के साथ बैठक के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है.