शिवसेना उद्धव बाला साहेब ठाकरे दल के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब केवल एक ही शिवसेना है और उसका नेतृत्व महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कर रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने साफ कहा कि उनके नेतृत्व वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है। मुंबई के भांडुप में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘मेरे नेतृत्व वाली शिवसेना ही असली शिवसेना है’। यह इलाका शिवसेना (यूबीटी) के बागी सांसद संजय पाटिल के लोकसभा क्षेत्र मुंबई उत्तर-पूर्व में आता है।
मुंबई
‘कांग्रेस ने कभी शिवसेना को तोड़ने की कोशिश नहीं की’
इस दौरान उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पिता बालासाहेब ठाकरे द्वारा स्थापित अविभाजित शिवसेना ने करीब 30 साल तक कांग्रेस के खिलाफ संघर्ष किया, लेकिन कांग्रेस ने कभी शिवसेना को तोड़ने या खत्म करने की कोशिश नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने शिवसेना को कमजोर करने और उसके अस्तित्व को खत्म करने का प्रयास किया।
‘हमने 30 साल तक कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ी’
यूबीटी प्रमुख ने आगे कहा, ‘हमने 30 साल तक कांग्रेस के खिलाफ लड़ाई लड़ी, लेकिन कांग्रेस ने कभी हमारी पार्टी को चुराने या खत्म करने की कोशिश नहीं की। भाजपा ने वही किया, जो कांग्रेस ने भी नहीं किया था’। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक समय भाजपा की राजनीतिक ताकत बहुत सीमित थी और महाराष्ट्र में पार्टी को बढ़ाने में अविभाजित शिवसेना की बड़ी भूमिका रही है। बता दें कि एक दिन पहले कोल्हापुर में अमित शाह ने कहा था कि पहले एकनाथ शिंदे गुट को अलग पहचान के साथ बताना पड़ता था, लेकिन अब कोई गुट नहीं बचा है और केवल एक ही शिवसेना है, जिसका नेतृत्व एकनाथ शिंदे कर रहे हैं।
उद्धव बोले- मैं नहीं हुआ निराश
इधर, शिवसेना (यूबीटी) में संभावित बगावत की चर्चाओं के बीच उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह किसी भी स्थिति से निराश नहीं हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़े हैं। उद्धव ठाकरे के इस बयान को महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना की विरासत और असली पहचान को लेकर चल रही सियासी लड़ाई का नया अध्याय माना जा रहा है।
