ईडी को नहीं मिलता सबूत तो परिवार के सदस्यों को बनाते हैं निशाना: शक्ति सिंह गोहिल

Breaking News

Loading

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी पर तीखा हमला बोला है

नई दिल्ली।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी पर तीखा हमला बोला है। शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि जब ईडी को कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिलता, तो वे उनके परिवार के सदस्यों को निशाना बनाकर भावनात्मक ब्लैकमेलिंग की कोशिश करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वाकई कोई सबूत होता, तो क्या इतना समय लगता? यह कार्रवाई भाजपा की हताशा और विपक्ष को डराने की रणनीति का हिस्सा है।

 

शक्ति सिंह गोहिल ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ ईडी की चार्जशीट की आलोचना करने वाले पोस्ट का समर्थन करते हुए कहा कि एक वकील के रूप में वे जानते हैं कि चार्जशीट दाखिल करने का एक निश्चित समय होता है। इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा, “11 साल बीत गए, फिर भी ईडी चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई। यह भाजपा सरकार का डर है, जो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस की अडिग लड़ाई से उपजा है। कांग्रेस और हमारी पार्टी के नेता न डरे हैं और न डरेंगे। केंद्र सरकार विपक्ष के नेताओं को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन वो कामयाब नहीं होंगे।”

इसके साथ ही शक्ति सिंह गोहिल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता पीएम मोदी के खोखले वादों को अच्छी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि मैं बिहार का प्रभारी रहा हूं। पीएम मोदी ने बिहार के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की थी, लेकिन एक भी पैसा नहीं मिला। वे कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। बिहार की जनता इस बार भाजपा के झूठे वादों के झांसे में नहीं आएगी। जनता इन हथकंडों को समझ रही है और इसका आगामी विधानसभा चुनाव में जवाब देगी।