अमेरिका के कोलोराडो में आतंकी हमला, यहूदी कर रहे थे प्रदर्शन, फिलिस्तीन समर्थक आया और आग बरसाने लगा

World News

Loading

अमेरिका के कोलोराडो के बोल्डर में हुए हमले में छह लोग घायल हुए, जिसकी जांच FBI आतंकवाद के कृत्य के रूप में कर रही है. हमलावर फिलिस्तीन समर्थक माना जा रहा है.

हाइलाइट्स
  • कोलोराडो हमले में 6 लोग घायल हुए
  • हमलावर फिलिस्तीन समर्थक मोहम्मद सबरी सोलिमान था
  • FBI ने हमले की जांच आतंकवादी कृत्य के रूप में की

वाशिंगटन

अमेरिका के कोलोराडो के बोल्डर में रविवार को एक हमले में कम से कम छह लोग घायल हो गए. FBI ने कहा कि इसकी आतंकवादी हमले के रूप में जांच हो रही है. इस टार्गेट हमले को अंजाम देने वाला संदिग्ध फ्री फिलिस्तीन चिल्लाया और एक फ्लेम थ्रोवर से अटैक किया. यहूदी प्रदर्शनकारियों को हमले में निशाना बनाया गया. लोग यहां हमास की ओर से बंधक बनाए गए यहूदी प्रदर्शनकारियों के रिहाई की मांग कर रहे थे. संदिग्ध की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद सबरी सोलिमान के रूप में हुई, जिसे हिरासत में लिया गया.

यहूदी प्रदर्शनकारियों पर हमला इजरायल-हमास युद्ध के बीच यहूदी समुदाय के खिलाफ बढ़ती यहूदी विरोधी हिंसा की श्रृंखला में नवीनतम है. यह घटना वाशिंगटन डीसी में कैपिटल यहूदी संग्रहालय के बाहर दो इजरायली दूतावास कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या के कुछ दिनों बाद हुई. हमले में कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि कुछ अन्य को मामूली चोटें आईं.

क्या बोले FBI के चीफ

एफबीआई निदेशक काश पटेल ने X पर पोस्ट किया, ‘हम बोल्डर, कोलोराडो में एक लक्षित आतंकवादी हमले के बारे में जानते हैं और पूरी तरह से जांच कर रहे हैं. हमारे एजेंट और स्थानीय अधिकारी पहले से ही मौके पर हैं, और जैसे-जैसे अधिक जानकारी उपलब्ध होगी, हम अपडेट साझा करेंगे.’

इजरायली समर्थकों पर हमला

एफबीआई के उप निदेशक, डैन बोंगिनो ने कहा कि शुरुआती जानकारी, साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर इस हमले की जांच ‘वैचारिक रूप से प्रेरित हिंसा’ के रूप में की जा रही है. गवाहों के अनुसार, एक व्यक्ति ने प्रदर्शनकारियों पर एक चीज फेंकी जो एक घरेलू मोलोटोव कॉकटेल जैसी थी. लोग शांति से हमास की ओर से बंधक बनाए गए इजरायली बंधकों की रिहाई की मांग कर रहे थे, जिसे अमेरिका ने एक आतंकवादी संगठन के रूप में नामित किया है. हमले के दौरान के वीडियो में दिखाया गया कि लोग सुरक्षा के लिए भाग रहे थे.

 

घटना के दौरान पुलिस हमवार की ओर बढ़ी. घटनास्थल से आए वीडियो में एक शर्टलेस व्यक्ति को स्प्रे बोतलों के साथ अपने हाथ फैलाते हुए दिखाया गया, जो आग के बीच आगे-पीछे चल रहा था. वह ‘जायनिस्ट्स का अंत’, ‘फिलिस्तीन स्वतंत्र है’, और ‘वे हत्यारे हैं’ जैसे इजरायल विरोधी नारे लगा रहा था. बोल्डर पुलिस प्रमुख स्टीव रेडफर्न ने संवाददाताओं से कहा, ‘पहले कॉलर ने बताया कि हथियार के साथ लोगों पर आग फेंकी जा रही है. जब हम पहुंचे तो हमें कई पीड़ित मिले जो घायल थे.’ न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में इजरायली राजदूत ने हमले की निंदा की और कहा, ‘यहूदियों के खिलाफ आतंकवाद गाजा सीमा पर नहीं रुकता – यह पहले से ही अमेरिका की सड़कों पर जल रहा है.