क्राइम

रोड एक्‍सीडेंट में बेटे की मौत, श्‍मशान घाट में अंतिम संस्‍कार और फिर तेरहवीं, राज खुला तो पुलिसवाले भी सन्‍न

 लोग पैसों की खातिर क्‍या नहीं कर गुजरते हैं. देश की राजधानी दिल्‍ली में ऐसा ही एक मामला सामने आया है. दो करोड़ रुपये के लिए बाप-बेटे ने ऐसा खेल किया कि पुलिसवाले भी दंग रह गए.

नई दिल्‍ली.

पैसों के लिए लोग कमरतोड़ मेहनत करते हैं. दिन-रात मेहनत करते हैं, तब जाकर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण कर पाते हैं. लेकिन, कुछ ऐसे लोग भी होते हैं जो एक ही झटके में पैसे कमाकर अमीर बनने की चाहत रखते हैं. इस इच्‍छा को पूरा करने के लिए वे कुछ भी कर गुजरने से गुरेज नहीं करते हैं, फिर चाहे वह तरीका गैरकानूनी ही क्‍यों न हो. देश की राजधानी दिल्‍ली में एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पिता ने बेटे का अपनी ही हाथों से अंतिम संस्‍कार किया और उसकी तेरहवीं भी कर डाली. पुलिस ने तमाम तरह की छानबीन के बाद जब इसका भेद खोला तो पहले तो खुद पुलिस के आलाधिकारियों को ही यकीन नहीं हुआ. पुलिसवाले भी सोच में पड़ गए कि ऐसा भी हो सकता है क्‍या? पैसों की लालच में की गई इस हरकत से हर कोई हैरान रह गया.

जानकारी के अनुसार, हैरान करने वाला यह मामला दक्षिण-पश्चिम दिल्‍ली के नजफगढ़ इलाके का है. सड़क दुर्घटना में एक शख्‍स के बेटे की मौत हो गई. नियम कायदे का पालन करते हुए रोड एक्‍सीडेंट में मौत की सूचना पुलिस को भी दी गई. इसके बाद हिन्‍दू रीति-रिवाज के अनुसार शव को श्‍मशान घाट ले जाकर उसका अंतिम संस्‍कार भी कर दिया गया. बेटे की मौत का 10 दिनों तक मातम मनाया गया और उसके बाद पंरपरा के अनुसार पिता ने अपने बेटे की तेरहवीं भी कर डाली. पास-पड़ोस के साथ ही रिश्‍तेदार भी इस गम में शरीक हुए. इसके बाद यह एपिसोड यहीं खत्‍म हो गया और गहरी साजिश का दूसरा चरण शुरू हो गया.

टर्म इंश्‍योरेंस का पैसा हड़पने की साजिश
अब जानिए इस पूरे खेल का अगला एपिसोड. दिल्‍ली पुलिस ने बताया कि दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में 2 करोड़ का टर्म इंश्योरेंस लेने के लिए एक पिता ने अपने बेटे की मौत की झूठी कहानी गढ़ी. आरेापी शख्‍स ने गत 5 मार्च 2025 को पुलिस को कॉल कर बताया कि बेटे का एक्सीडेंट हो गया है. उसने फिर एक डॉक्टर के यहां से बेटे को रेफर करवाने का फर्जी सर्टिफिकेट बनवाया. साजिश को आगे बढ़ाते हुए इसके बाद गढ़ गंगा में उसका फर्जी दाह संस्कार कर उसकी पर्ची ले ली और कुछ करीबी रिश्तेदारों को बुलाकर बेटे की तेरहवीं भी कर दी. इसके बाद पुलिस के पास 11 मार्च को बेटे की मौत की FIR करवाने गया तो पूरा भेद खुल गया. पुलिस ने साजिश में शामिल पिता,बेटे, उनके वकील और डॉक्टर को शिकंजे में ले लिया है.

पुलिस भी सन्‍न
आरोपी शख्‍स सड़क हादसे में बेटे की मौत को लेकर एफआईआर दर्ज कराने गया तो पुलिस को उसपर कुछ शक हुआ. गहनता से पूछताछ की गई तो आरोपी ने सबकुछ बता दिया. डीसीपी अंकित सिंह ने इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी है. बता दें कि इंश्‍योरेंस का क्‍लेम लेने के लिए कई तरह की साजिशें रचने के मामले अक्‍सर ही सामने आते रहते हैं. यहां तक कि बीमा की राशि हड़पने के लिए हत्‍याएं तक कर दी जाती हैं. दिल्‍ली में सामने आया यह मामला अपने आप में विचित्र है. पुलिस भी इससे सन्‍न है.

 

दिल्‍ली में इंश्‍योरेंस क्‍लेम के लिए बाप-बेटे ने गजब की साजिश रच डाली. (फाइल फोटो)