कौन हैं नए चुनाव आयुक्त विवेक जोशी, जिनकी नियुक्ति का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट

देश के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के रिटायर होने से पहले ही पीएम मोदी की अध्यक्षता वाले सिलेक्शन पैनल ने नए मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्त का नाम तय कर दिया
नई दिल्ली
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के रिटायर होने से पहले ही पीएम मोदी की अध्यक्षता वाले सिलेक्शन पैनल ने नए मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्त का नाम तय कर दिया। राष्ट्रपति ने दोनों ही नामों पर मुहर लगा दी और उनकी नियुक्ति को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को नया मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) नियुक्त किया गया है जबकि विवेक जोशी को चुनाव आयुक्त बनाया गया है।
विवेक जोशी को देश का नया चुनाव आयुक्त बनाया गया है। राष्ट्रपति की तरफ से उनकी नियुक्ति को मंजूरी भी मिल गई है। विवेक जोशी हरियाणा कैडर के आईएएस है। साल 1989 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक जोशी को नवंबर 2024 में पूर्व चीफ सेक्रेटरी टीवीएसएन प्रसाद के रिटायर होने के बाद हरियाणा का चीफ सेक्रेटरी बनाया गया था। इससे पहले वो केंद्र सरकार की सेवा में थे। केंद्र सरकार में डेपुटेशन से लौटने के बाद उन्होंने कार्यभार संभाला था। विवेक जोशी की निर्वाचन आयोग में नियुक्ति के वजह से अब राज्य में नए चीफ सेक्रेटरी की नियुक्ति की जाएगी।
विवेक जोशी को लेकर कहा जाता है कि वो पीएम मोदी और अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। केंद्र में डेपुटेशन पर रहे विवेक जोशी हरियाणा के मुख्य सचिव बनने से पहले 2019 में केंद्रीय वित्त मंत्रालय में सचिव रहे हैं। इसके बाद उन्हें कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के सचिव की जिम्मेदारी मिली। 4 साल तक केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त के तौर पर जोशी ने काम किया यानी उन्होंने लम्बा समय पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ काम किया है। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक और देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक के बोर्ड के भी वो सदस्य भी रहे हैं। विवेक जोशी का कार्यकाल छह साल का होगायानी 2029 का जब लोकसभा चुनाव होगा तब विवेक जोशी मुख्य चुनाव आयुक्त बन सकते हैं क्योंकि परंपरा में सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त को मुख्य चुनाव आयुक्त बनाया जाता है। जनवरी 2029 में ज्ञानेश कुमार रिटायर होंगे। उसने पहले दूसरे चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू 6 जुलाई 2028 को रिटायर हो जाएंगे। ऐसे में अगर लोकसभा चुनाव समय पर होते हैं यानी अप्रैल—मई 2029 में लोकसभा चुनाव होते हैं तो विवेक जोशी ही इन चुनाव के समय मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे।