World News
यूएस से F-35 की डील के बाद पाक पहुंचे सऊदी के चीफ ऑफ स्टाफ, शहबाज-मुनीर से मुलाकात, पक रही है कौन सी खिचड़ी?

सऊदी अरब के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ जनरल फैय्याद बिन हमद अल-रुवैली पाकिस्तान पहुंचे. उन्होंने शहबाज शरीफ से मुलाकात की, जिसमें उन्होंने सितंबर में हुए ‘स्ट्रेटेजिक म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट’ की याद दिलाई और इस पर आगे की योजना बनी.
Saudi-Pakistan Defence Deal: सऊदी अरब की सशस्त्र सेनाओं के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ जनरल फैय्याद बिन हमद अल-रुवैली पाकिस्तान पहुंचे और उन्होंने पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की. इस यात्रा को सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सामरिक सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा साझेदारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. दोनों देशों के बीच हुई डिफेंस डील के बाद पहली बार सऊदी के सैन्य अधिकारी पाकिस्तान के दौरे पर पहुंचे हैं.
सऊदी जनरल फैय्याद ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से विस्तार से बातचीत की, जिसमें द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को नई मजबूती देने पर सहमति बनी. पाकिस्तानी पीएम ने कहा कि पाकिस्तान रक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को और विस्तृत करने के लिए तैयार है. बैठक में दोनों देशों के संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण, युद्धाभ्यास और तकनीक के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया. कुल मिलाकर दोनों देशों ने उस डिफेंस एग्रीमेंट को आगे बढ़ाने पर बात की है, जो सितंबर में साइन हुआ था.
शहबाज शरीफ ने याद दिलाया डिफेंस एग्रीमेंट
शहबाज शरीफ ने इस दौरान सितंबर में हुए ‘स्ट्रेटेजिक म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट’ का भी हवाला दिया, जिसके तहत किसी भी प्रकार की बाहरी हमले को दोनों देशों पर हमला माना जाएगा. शहबाज शरीफ ने कहा कि इस समझौते ने पाकिस्तान-सऊदी रक्षा ढांचे को पहले से कहीं अधिक मजबूत आधार दिया है. शहबाज शरीफ ने ये भी दोहराया कि पाकिस्तान और सऊदी अरब दोनों आतंकवाद और चरमपंथ के खिलाफ लड़ाई को प्राथमिकता देते हैं और क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करेंगे. जनरल फैय्याद ने भी कहा कि रियाद पाकिस्तान के साथ अपनी रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहता है.
नई डील की है तैयारी?
सऊदी जनरल ने इसके बाद पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर से भी मुलाकात की और दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने रक्षा सहयोग को और विस्तृत करने, सुरक्षा तालमेल बढ़ाने और आतंकवाद-रोधी अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की. इसके बाद पाकिस्तानी सेना के बयान में कहा गया है कि दोनों देशों ने सैन्य सहयोग को कई गुना ज्यादा मजबूत बनाने पर सहमति जता रहे हैं. बैठक में वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा स्थितियों पर विचार-विमर्श हुआ तथा रक्षा सहयोग बढ़ाने के ठोस उपायों पर बात हुई. ऐसे में कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि दोनों देशों के बीच नई डील हो सकती है.




