प्रोटेम स्पीकर पर सियासी बवाल: ‘संसदीय प्रक्रियाओं की अनदेखी…’, कांग्रेस सांसद ने महताब के चयन पर उठाए सवाल

सांसद कोडिकुनिल सुरेश ने कहा कि यह फैसला संकेत देता है कि भाजपा संसदीय प्रक्रियाओं को दरकिनार करना जारी रखेगी या अपने हितों के लिए उनका इस्तेमाल करेगी, जैसा कि उसने पहले भी दो बार किया है।
नई दिल्ली
कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद भर्तृहरि महताब को लोकसभा का अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने अपने आठ बार के सांसद कोडिकुनिल सुरेश के बजाय महताब को अस्थायी अध्यक्ष बनाए जाने को संसदीय मानदंडों को नष्ट करने का प्रयास बताया। वहीं, अब सुरेश ने भी कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा का वरिष्ठ सदस्य होने के नाते उन्हें अस्थायी अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए था। भाजपा ने ऐसा करके दिखा दिया है कि वह संसदीय प्रक्रियाओं की अनदेखी करना जारी रखेगी जैसा कि वह पहले भी दो बार कर चुकी है।
अतीत में अपनाई गई परंपराओं के खिलाफ फैसला
इससे पहले, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि सुरेश को अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया जाना चाहिए था क्योंकि वह आठ बार के सांसद हैं, जबकि महताब सात बार के सांसद है। महताब को अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के एक दिन बाद सुरेश ने कहा कि यह अतीत में अपनाई गई परंपराओं के खिलाफ है।