भाजपा की ‘झूठी सरकार’ को जनता के ‘सच्चे’ सवालों का सामना करना होगा : अखिलेश यादव

देश

अखिलेश यादव ने कहा, ‘हम तो बच गए लेकिन कुछ लोगों को जबरदस्ती वैक्सीन (कोविड रोधी टीका) लगा दिया गया. अब तो वह रिपोर्ट आ गई है कि इससे दिल और उससे संबंधित बीमारियां हो सकती हैं.

आगरा: 

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा इस लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘झूठी सरकार’ को जनता के ‘सच्चे’ सवालों का सामना करना पड़ेगा. सपा अध्यक्ष ने आगरा लोकसभा क्षेत्र के जलेसर में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा की कड़ी आलोचना की.

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जो लोग मन की बात करते थे, हम उनसे कहेंगे कि अब संविधान की बात हो. अब मनमर्जी नहीं चलेगी. अब भाजपा की झूठी सरकार को जनता के सच्चे सवालों का सामना करना पड़ेगा.’

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘भाजपा के लिए जनता का सच्चा सवाल है कि उसने अपने नेताओं से बार-बार बाबा साहब भीमराव आंबेडकर जी का दिया हुआ संविधान बदलने की बात क्यों कहलाई? क्या भाजपा के पास इसका जवाब है? भाजपा ने शोषितों, वंचितों और पीड़ितों की रक्षा करने वाले संविधान को बदलने की तथा संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण को खत्म करने की बात क्यों उठाई. ये जनता के सच्चे सवाल हैं जिनका भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है.’