‘नेताओं को अपमानजनक टिप्पणी और एक-दूसरे पर कीचड़ उछालने से बचना चाहिए’: विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी

Breaking News

Loading

पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा. सर्वदलीय बैठक में इस बार भी भारतीय जनता पार्टी शामिल नहीं हुई.

कोलकाता: 

पश्चिम बंगाल के विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने राज्य के मंत्री अखिल गिरि और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी द्वारा क्रमशः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और झाड़ग्राम की विधायक बीरबाहा हांसदा के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणियों की बुधवार को निंदा की. बनर्जी ने कहा कि नेतागण भले ही किसी भी राजनीतिक पार्टी के हों, उन्हें अपमानजनक टिप्पणी करने और एक-दूसरे के खिलाफ कीचड़ उछालने से बचना चाहिए.

गिरि की टिप्पणियों को लेकर पश्चिम बंगाल में पिछले दिनों विवाद शुरु हो गया, वहीं अधिकारी की टिप्पणियों ने विवाद को और तेज कर दिया. मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपने मंत्री अखिल गिरि की टिप्पणी की निंदा की और उनकी ओर से माफी मांगी है.

विधानसभा अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा सत्र को लेकर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘मैं अखिल गिरि और शुभेंदु अधिकारी दोनों की टिप्पणियों की निंदा करता हूं, विधायकों से ऐसी टिप्पणियों की उम्मीद नहीं की जाती है.”

पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा. सर्वदलीय बैठक में इस बार भी भारतीय जनता पार्टी शामिल नहीं हुई.

पश्चिम बंगाल के संसदीय कार्य मंत्री शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने कहा कि अब तक यह तय किया गया है कि शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा में चार विधेयक पेश किए जाएंगे. इनमें से तीन संशोधन विधेयक हैं जो कराधान कानूनों और नगर निगम मामलों के विभाग से संबंधित हैं.