नारी निकेतन में जुल्म, युवतियों से पैर दबवाने का वीडियो वायरल; युवती का आरोप- उल्टा लटका कर पीटने की मिलती है धमकी

सभी राज्य

Loading

इस नारी निकेतन की अधीक्षिका कल्पना रथ हैं। कल्पना रथ पहले भी विवादों में रही हैं। पिछले साल उनपर एनजीओ की महिलाओं ने जबरन पैसे वसूली का आरोप लगाया था। एक युवती ने अपना वीडियो बनाया है।

दंतेवाड़ा

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में स्थित नारी निकेतन में रह रही युवतियों और महिलाओं पर अत्याचार करने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि नारी निकेतन की एक महिला एक युवती से अपने पैर दबवा रही है। कई अन्य महिलाएं भी वहां नजर आ रही हैं। इसके अलावा एक युवती ने अपना वीडियो भी बनाया है जिसमें उन्होंने नारी निकेतन प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगए हैं।

यहां सबसे पहले आपको बता दें कि जिला मुख्यालय में स्थित इस नारी निकेतन में अनाथ, अविवाहित, विधवा, प्रताड़ित और बेसहारा महिलाओं को आश्रय दिया जाता है। लेकिन अब यह निकेतन प्रताड़ना सेंटर में तब्दील हो गया है। वीडियो में जो महिला अपने पैर दबवा रही है वो यहां की चपरासी बताई जा रही है।

इस वक्त नारी निकेतन में 12 निराश्रित महिलाएं रहती हैं। यहां की युवतियों का आरोप है कि उनसे नौकर की तरह काम करवाया जाता है। निकेतन में आश्रय लेने वाली युवतियों का आरोप है कि उनसे बर्तन धुलवाया जाता है, झाड़ू-पोंछा करवाया जाता है।

इस नारी निकेतन की अधीक्षिका कल्पना रथ हैं। कल्पना रथ पहले भी विवादों में रही हैं। पिछले साल उनपर एनजीओ की महिलाओं ने जबरन पैसे वसूली का आरोप लगाया था। एक युवती ने अपना जो वीडियो बनाया है उसमें आरोप लगाया गया है कि अधीक्षिक सही ढंग से भोजन नहीं देती हैं।

उनके साथ मारपीट करती हैं, पैर से मारती हैं, गला दबा देती हैं और धमकी देती हैं कि उल्टा टांगकर मारूंगी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में जिला कार्यक्रम अधिकारी के हवाले से कहा जा रहा है कि इस नारी निकेतन की अधीक्षिका की शिकायत दंतेवाड़ा कलेक्टर से हुई है। मामले की जांच चल रही है।