कांग्रेस का भाजपा पर हमला, कहा- ‘आतंकवादी संबंधों’ पर चुप्पी तोड़े बीजेपी

Breaking News

Loading

कांग्रेस (Congress)ने कहा कि राजस्थान के उदयपुर में एक दर्जी की बर्बर हत्या सहित हाल के कई जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों का संबंध भाजपा (BJP) के साथ उजागर हुआ है, लेकिन इस पर बीजेपी पार्टी नेतृत्व चुप्पी साधे हुए है.

तिरुवनंतपुरम: 

कांग्रेस (Congress) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर  ‘आतंकवादियों के साथ संबंध’ रखने का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी आलोचना की. कांग्रेस ने जबाव मांगा कि देशभर में हाल की कुछ घटनाओं में उनके कार्यकर्ताओं के राष्ट्र-विरोधी लोगों के साथ प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध क्यों मिले हें.अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रवक्ता दासोजू श्रवण ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में पूछा कि अगर देश की सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ता खुद ऐसी गतिविधियों में शामिल हैं, तो देश की जनता और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने वाला कौन है.

राजस्थान के उदयपुर में एक दर्जी की बर्बर हत्या सहित हाल के कई जघन्य अपराधों की ओर संकेत करते हुए, कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाओं के आरोपियों का भाजपा के साथ संबंध उजागर हो गया है, लेकिन पार्टी नेतृत्व चुप्पी साधे हुए है. श्रवण ने कहा, ‘अगर एक सत्तारूढ़ पार्टी, वह भी एक स्वयंभू राष्ट्रवादी और देशभक्त पार्टी, … आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ी हुई है, तो हम सभी खतरे में हैं…देश खतरे में है…लोग खतरे में हैं और हम सभी के लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम भाजपा से सीधे सवाल पूछें कि यह साठगांठ क्यों है.’

उन्होंने कहा, ‘एक स्वयंभू देशभक्त पार्टी होने के नाते, भाजपा का आतंकवादियों के साथ गठजोड़ क्यों है और वह अपना मुंह क्यों नहीं खोलती है.’कांग्रेस आतंकवाद के मुद्दे पर भाजपा को घेरने के लिए शनिवार को देश के 22 शहरों में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर रही है. कांग्रेस का आरोप है कि उदयपुर में एक दर्जी की जघन्य हत्या के दो आरोपियों में से एक भाजपा का सदस्य है तथा जम्मू-कश्मीर में हाल में गिरफ्तार एक आतंकवादी का संबंध भी भाजपा से है. भाजपा ने इस आरोप को खारिज किया है.

 

 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को  CRIME CAP NEWS  टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)