क्राइम

एकतरफा प्यार में भाई-बहन की हथौड़े से पीटकर हत्या, मां को चाकू मारकर किया घायल; छत से कूदकर भागे आरोपी

रांची के पंडरा में एकतरफा प्यार में अपराधियों ने घर में घुसकर भाई-बहन की हथौड़े से पीटकर हत्या कर दी। मां को चाकू मारकर घायल कर दिया जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वारदात के बाद छत से भागे।

रांची

रांची के पंडरा स्थित जनक नगर में अपराधियों ने एक घर में घुसकर भाई और बहन की हथौड़े से मारकर हत्या कर दी। इस वारदात को शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे अंजाम दिया गया। अपराधियों ने दोनों की मां चंदा देवी को भी चाकू से हमला कर घायल घर दिया। चंदा को रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में प्रवीण कुमार उर्फ ओम व श्वेता सिंह शामिल हैं।

चंदा देवी ने पुलिस को बयान दिया है कि जय प्रकाश नगर के रोहन ने साथियों के साथ मिल घटना को अंजाम दिया। पुलिस की जांच में एकतरफा प्यार में घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि तीन अपराधी चंदा देवी के घर पहुंचे थे। यहां पहले घर का दरवाजा खुलवाया और भीतर जाते ही चंदा पर चाकू से हमला कर दिया। उनकी आवाज सुन श्वेता और प्रवीण दौड़े और अपराधियों से भिड़ गए।

इस दौरान बदमाशों ने दोनों पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किया, जिससे श्वेता की मौके पर मौत हो गई, वहीं प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद अपराधी छत से कूदकर भाग निकले। पड़ोसी उन्हें रिम्स ले गए, जहां प्रवीण की इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्रवीण के हाथ-पैर बांधकर चाकू और हथौड़े से किया वार

अपराधियों ने प्रवीण को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया और कमरे में ले जाकर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। तभी एक एक अपराधी ने श्वेता के सिर पर हथौड़े से जोरदार वार कर दिया। वहीं, प्रवीण के शरीर पर अपराधियों ने चाकू व हथौड़े से कई वार किए। वारदात को अंजाम देकर अपराधी छत के रास्ते कूदकर भाग निकले। घटना के बाद भी दोनों की सांसें चल रही थी, लेकिन जान बच नहीं सकी।

एक हिरासत में, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस

मामले में पुलिस ने एक आरोपी रोहन को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी से पुलिस हत्या के कारणों की भी जानकारी ले रही है। वहीं, अन्य को दबोचने के लिए छापेमारी की जा रही है।

दो वर्ष से विदेश में हैं पिता

श्वेता और प्रवीण के पिता संजीव सिंह आबूधाबी में नौकरी करते हैं। वह दो साल पहले परिवार से मिलने आए थे। पुलिस ने उन्हें दूरभाष से घटना की जानकारी दी है। संजीव के रविवार को रांची पहुंचने की उम्मीद है।

डीएवी बरियातू में पढ़ते थे प्रवीण और श्वेता

जानकारी के अनुसार श्वेता डीएवी बरियातू की 12वीं की छात्रा थी, जबकि प्रवीण उसी स्कूल में नौवीं में पढ़ता था। चंदा देवी के पति संजीव मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के दावत थाना के इटवा कवाथ गांव के रहने वाले हैं।

दरवाजे के नीचे से खून बहता देख नाना को दी सूचना

पड़ोसी विजेंद्र पांडेय ने अल सुबह 5 बजे छत से चंदा देवी के दरवाजे के पास लाल रंग देखा तो पहले अलता समझा। शक होने पर नीचे उतरकर दरवाजे के पास गए तो खून बह रहा था। इसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को सूचना दी। लोगों के जुटने के बाद इसकी जानकारी चंदा के पिता दयानंद सिंह को दी गई। बेटी के घर से 5 सौ मीटर दूर रहने वाले दयानंद तुरंत वहां पहुंचे और दरवाजा तुड़वाया तो देखा कि फर्श पर खून पड़ा है। अंदर उनकी बेटी जमीन पर अचेत पड़ी थी। वहीं उनकी नातिन श्वेता मृत पड़ी थी। एक कमरे में प्रवीण गिरा पड़ा था। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल अवस्था में पड़े प्रवीण और चंदा को रिम्स ले गई। जहां प्रवीण की मौत हो गयी। वहीं, चंदा का इलाज रिम्स में चल रहा है। बताया गया कि प्रवीण एक घंटे तक तड़पता रहा।

मां की शिकायत के बाद भी पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

चंदा ने एक जून को रोहन के खिलाफ पंडरा ओपी सनहा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को झांसे में लेकर रोहन ने उससे सोने की चेन ले ली है। रोहन ने बेटी का दूसरे शहर में एडमिशन कराने का झांसा देकर उससे चेन ली थी। हालांकि कई बार उससे चेन वापस मांगी, लेकिन वह आनाकानी कर रहा था। सनह दर्ज होने के बाद पंडरा ओपी के तत्कालीन प्रभारी ने इसमें न तो कार्रवाई की और न ही प्राथमिकी दर्ज की।

एक सप्ताह पहले भी हुआ था विवाद

पुलिस के जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी रोहन को एक साल पहले छेड़खानी का आरोप लगाकर श्वेता के परिजनों ने पीटा था। मामला थाना भी पहुंचा। लेकिन बाद में मामले में सुलह कर ली गई थी। घटना से एक सप्ताह पहले भी रोहन और चंदा देवी के परिजनों के बीच विवाद हुआ था। दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी। बाद में मामला शांत हो गया।

प्रेम-प्रसंग और लूटपाट के बिंदु पर जांच

रांची पुलिस की टीम डबल मर्डर मामले में जांच में जुट गई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि मृतका और रोहन के बीच में बातचीत होती थी। कुछ सामान की भी दोनों के बीच लेन-देन हुई है। सिटी एसपी अंशुमन ने बताया कि प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली है। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। मृतका की मां के होश में आने के बाद ही पता चलेगा कि इस वारदात को अंजाम किसने दिया है। हालांकि रोहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। जिसमें उसने पुलिस को कई अहम जानकारी भी दी है। पुलिस लूटपाट के बिंदु पर भी जांच कर रही है। इधर मामा पवन ने बताया कि उनकी भांजी का किसी के साथ प्रेम प्रसंग नहीं था। बेवजह उनके परिवार को बदनाम किया जा रहा है।

 

 

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button