IPL 2022 LSG vs SRH: आवेश खान ने बताया कैसे केन विलियमसन को फंसाया अपने जाल में

खेल

Loading

आईपीएल 2022 में लखनऊ सुपर जायन्ट्स के लिए खेल रहे आवेश खान ने सोमवार को खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। मैच के बाद उन्होंने बताया कि केन के लिए उनका क्या प्लान था।

नई दिल्ली

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए धमाल मचाने वाले तेज गेंदबाज आवेश खान इस सीजन में लखनऊ सुपर जायन्ट्स के लिए खेल रहे हैं। आवेश ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सोमवार को खेले गए मैच में चार ओवर में 24 रन देकर चार विकेट लिए। आवेश ने कप्तान केन विलियमसन, अभिषेक शर्मा, निकोलस पूरन और अब्दुल समद के अहम विकेट चटकाए, मैच के बाद उन्होंने बताया कि किस तरह से उन्होंने केन को आउट करने का प्लान बनाया।

आवेश ने कहा, ‘मैं उनको स्लोअर गेंद फेंकना चाहता था। क्योंकि हमें लग रहा था कि गेंद पिच पर ग्रिप कर रही है और रुककर आ रही है। प्लान यही था कि ज्यादा से ज्यादा डॉट गेंद डालनी हैं, और यॉर्कर लेंथ पर गेंदबाजी करनी है।’ आवेश को इस प्लान का फायदा भी पूरा मिला। मैन ऑफ द मैच चुने गए आवेश ने प्रेस कॉन्फ्रेन्स के दौरान कहा, ‘आईपीएल में गेंदबाज होने के कारण आप पर हर मैच में दबाव रहता है और आप उससे कैसे पार पाते हैं यह अहम है। मैंने कभी नहीं सोचा कि मैं टीम का मुख्य गेंदबाज हूं। मैं हमेशा टीम के लिए विकेट लेने की कोशिश करता हूं।’

उन्होंने कहा, ‘अगर मैं यह सोचता हूं कि मैं मुख्य गेंदबाज हूं तो मैं खुद पर दबाव बनाऊंगा जिसका कोई मतलब नहीं है।’ आवेश ने कहा कि गेंदबाज की मुख्य भूमिका अपनी टीम की तरफ से विकेट लेना है। उन्होंने कहा, ‘मुझे खुशी है कि मैंने टीम की जीत में योगदान दिया। पहले मैच में मुझे एक ओवर में 11 रन बचाने का मौका मिला था जो मैं नहीं कर पाया था। आज मैंने विकेट लेने पर ध्यान दिया।’