बीजेपी पर तंज कस बोले राकेश टिकैत ,विपक्ष की मजबूती के लिए गोरखपुर से योगी जी का चुनाव जीतना जरूरी

देश

Loading

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर शहर से मैदान में उतारने का फैसला किया है। इसको लेकर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने तंज कसते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर से चुनाव जीतना चाहिए, इससे उत्तर प्रदेश में विपक्ष भी मजबूत होगा।

राकेश टिकैत ने कहा, ”विपक्ष को मजबूत रहना चाहिए, वो अपनी आवाज हाउस में उठाएंगे। योगी जी वहां (गोरखपुर) से चुनाव लड़ रहे हैं, उनको वहां से जीतना चाहिए।” उन्होंने कहा कि यूनियन के नेता किसी के यहां नहीं जा रहे हैं और हमारे यहां जो भी आ रहा है उन सभी का स्वागत है। राकेश टिकैत ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति आपके घर आता है तो यही कहा जाता है कि हम आपके साथ हैं। हम किसी को नहीं बोल रहे कि आप किसको वोट करें। आरएलडी-सपा को समर्थन देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम किसी को भी समर्थन नहीं दे रहे हैं।
किसान आंदोलन को लेकर पश्चिमी यूपी में सियासत गरमाई हुई है। वहीं, चुनाव को लेकर राकेश टिकैत कहते रहे हैं कि वे किसी भी दल के लिए प्रचार नहीं करेंगे और उनका चुनाव से कोई लेना नहीं है। लेकिन रविवार को भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने सिसौली में खुलेआम बुढ़ाना विधानसभा से रालोद और सपा गठबंधन के उम्मीदवार राजपाल बालियान के समर्थन में वोट देने को कहा।

इसके बाद सूबे में सियासी पारा ऊपर चढ़ने लगा था और ये कहा जाने लगा कि किसान मोर्चा खुलकर आरएलडी-सपा के गठबंधन के साथ हो गया है। हालांकि, इस पर राजनीति तेज होने लगी तो टिकैत अपने बयान से मुकर गए। उन्होंने कहा कि हम किसी राजनीतिक पार्टी को समर्थन नहीं कर रहे हैं। पिछले बयान को गलत बताते हुए नरेश टिकैत ने कहा, “वह कुछ ज़्यादा ही बोल पड़े थे, जो गलत है।” उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ही सर्वोपरि है और यदि हम उससे अलग जाते हैं तो फिर वो हमें बाहर भी कर सकते हैं।