मार्वल स्टूडियोज की फिल्म ‘स्पाइडर मैन – नो वे होम’ भारत में साल 2021 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म भारत में कुल 260 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है और इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 10200 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुका है। कोविड के लगातार बढ़ते आंकड़ों और 83 और पुष्पा जैसी फिल्मों की सिल्वर स्क्रीन पर होने के बावजूद ये फिल्म जबरदस्त बिजनेस करती जा रही है। ये फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर साल 2021 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
मार्वल की सुपरहीरो फिल्मों का भारत में काफी बड़ा बाजार है और शायद यही वजह है कि बॉलीवुड के फिल्ममेकर्स भी अपने खुद के सुपरहीरोज को मार्केट में उतारने का विचार कर रहे हैं। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 16 दिसंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने अभी तक 202.34 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने फिल्म की कमाई के आंकड़े जारी करते हुए लिखा, ‘स्पाइडर मैन ने 200 करोड़ का आंकड़ा छू लिया है। बावजूद पुष्पा और 83 जैसी फिल्मों के, नए साल की छुट्टियों और वीकेंड्स पर लोग ये फिल्म देखने जा रहे हैं।’ तरण आदर्श ने बताया कि शनिवार को फिल्म ने 4.92 करोड़ और रविवार को 4.75 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है।
