महाराष्ट्रःमुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर को मिली जान से मारने की धमकी, जांच शुरू

बीजेपी नेता पर FIR दर्ज कराने वाली मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर को धमकी
मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने बीजेपी विधायक आशीष शेलार के खिलाफ दो दिन पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, अब मुंबई की मेयर ने कहा है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। किशोरी पेडनेकर ने कहा कि वर्ली स्थित घर पर उनको और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भरी चिट्ठी भेजी गई है।
पेडनेकर ने कहा कि चिट्ठी में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने धमकी भरी चिट्ठी के बारे में बताया, “मेरे ‘दादा’ को किसी भी तरह से परेशान मत करो। यदि उनको परेशान किया, तो [हम] आपको और आपके बेटे को मार डालेंगे।”
इससे पहले, बुधवार को पेडनेकर ने महाराष्ट्र के विधायक शेलार पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुंबई पुलिस से संपर्क किया था। पेडनेकर ने मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि शेलार ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। भाजपा नेता के खिलाफ आईपीसी की धारा 354(ए) (द्विअर्थी टिप्पणी करना) और 509 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्द या भाव-भंगिमा का इस्तेमाल) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आशीष शेलार ने पिछले हफ्ते वर्ली में एक सिलेंडर ब्लास्ट के पीड़ितों तक पहुंचने में कथित देरी को लेकर मुंबई की मेयर पर निशाना साधा था। शेलार ने उन पर निशाना साधते हुए कहा था कि क्या पेडनेकर “72 घंटे से सो रही थीं”। वहीं, भाजपा नेता के बयान के बाद राज्य में सियासत गरमाने लगी थी। सत्ताधारी दल के नेताओं ने शेलार पर इसको लेकर निशाना साधा था।
पूरे मामले पर भाजपा विधायक आशीष शेलार ने सफाई देते हुए कहा था कि मुंबई की मुंबई के बारे में की गईं उनकी टिप्पणियों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। जबकि, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आशीष शेलार के बयान का गलत मतलब निकाला गया। फडणवीस ने कहा कि कोई भी भाजपा नेता किसी महिला के खिलाफ अभद्र टिप्पणी नहीं कर सकता है।
फिलहाल इस मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है। किशोरी पेडनेकर मुंबई के एक नगरपालिका वार्ड से शिवसेना पार्षद हैं। उन्हें नवंबर 2019 में मेयर चुना गया था।