यूपी में युवाओं पर लाठीचार्ज: ‘ये आपके बच्चे होते तो इनके साथ यही व्यवहार होता?’:वरुण गांधी

Breaking News

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शिक्षक भर्ती के लिए प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस के लाठीचार्ज के वीडियो को ट्वीट करके उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से बीजेपी के लोकसभा सांसद वरुण गांधी ने सवाल किया है कि ‘ये आपके बच्चे होते तो इनके साथ यही व्यवहार होता?’

शनिवार की शाम जब ये छात्र प्रदर्शन कर रहे थे और कैंडल मार्च निकाल रहे थे, तभी पुलिस ने इन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था.

इस घटना का वीडियो ट्वीट करते हुए वरुण गांधी ने लिखा है, “ये बच्चे भी मां भारती के लाल हैं, इनकी बात मानना तो दूर, कोई सुनने को तैयार नहीं है. इस पर भी इनके ऊपर ये बर्बर लाठीचार्ज. अपने दिल पर हाथ रखकर सोचिए क्या ये आपके बच्चे होते तो इनके साथ यही व्यवहार होता? आपके पास रिक्तियां भी हैं और योग्य अभ्यर्थी भी, तो भर्तियां क्यों नहीं?”

इसी घटना का वीडियो शनिवार रात पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी ट्वीट किया था और पूछा था, “भाजपा के राज में भावी शिक्षकों पर लाठीचार्ज करके ‘विश्व गुरु’ बनने का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है. हम 69000 शिक्षक भर्ती की माँगों के साथ हैं.”

शिक्षक की नौकरी चाह रहे युवा लखनऊ में कैंडल मार्च निकाल रहे थे. तभी पुलिस आ गई और लाठियां भांजकर युवाओं को खदेड़ा दिया. शिक्षक अभ्यर्थियों की मांग है कि 69 हज़ार शिक्षकों की बहाली की जाए. साथ ही 22 हज़ार सीट और जोड़ी जाएं.

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने भी ट्वीट कर कहा है, ”यूपी में 69 हजार शिक्षक भर्ती के पुराने और लंबित मामले को लेकर राजधानी लखनऊ में शनिवार रात शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालने वाले सैकड़ों युवाओं को पुलिस लाठीचार्ज करके घायल करना अति-दुःखद और निंदनीय. सरकार इनकी जायज़ मांगों पर तत्काल सहानुभूतिपूर्वक विचार करे, बीएसपी की यह माँग.”

Social embed from twitter