दुबई
आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के फाइनल में आज दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड आमने-सामने है। न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में पहले बल्लेाबाजी करते हुए कप्तान केन विलियमसन की शानदार 85 रनों की पारी के दम पर चार विकेट पर 172 रनों का स्कोर बनाया। कीवी टीम के इस बड़े स्कोर में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का भी योगदान रहा, जिन्होंने चार ओवर में 60 रन लुटा डाले, लेकिन उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला। अपने इस रन के साथ ही स्टार्क आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे महंगे गेंदबाज बन गए हैं।
स्टार्क से पहले टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे महंगे गेंदबाज श्रीलंका के लसिथ मलिंगा थे, जिन्होंने 2012 टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ आर प्रेमदासा स्टेडियम में में 54 रन खर्च किए थे। भारत के एस श्रीसंत टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे महंगे गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं, उन्होंने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 44 रन दिए थे। वहीं, श्रीलंका के उदाना ने 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ 44 रन, शेन वाटसन ने 2010 में इंग्लैंड के खिलाफ 42 रन और बेन स्टोक्स ने 2016 टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 41 रन लुटाए थे।
