‘वैक्सीनेशन के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों पर भी जश्न मनाएं पीएम मोदी’:चिदंबरम

Breaking News

Loading

सियासत: ‘वैक्सीनेशन के बाद पेट्रोल-डीजल के दामों पर भी जश्न मनाएं पीएम मोदी’, चिदंबरम ने साधा केंद्र पर निशाना

भारत में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 100 करोड़ पार करने के बाद जहां पीएम मोदी ने इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया वहीं विपक्ष के नेताओं ने इसपर तंज कसना शुरू कर दिया है।

भारत में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 100 करोड़ पार करने के बाद जहां पीएम मोदी ने इसे  देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया वहीं विपक्ष के नेताओं ने इसपर तंज कसना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह देश में 100 करोड़ वैक्सीन डोज लगने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जश्न मनाया उसी तरह से उन्हें पेट्रोल-डीजल के दाम 100 रुपये पार करने पर भी जश्न मनाना चाहिए।

चिदंबरम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘पीएम मोदी ने जिस तरह से वैक्सीन के 100 करोड़ डोज पूरा होने के अवसर अपने मंत्रियों का नेतृत्व किया। उसी तरह उन्हें अन्य शताब्दी मनाने में भी उदाहरण पेश करना चाहिए। कुछ हफ्ते पहले पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर को पार कर गया था और अब डीजल 100 रुपये प्रति लीटर को पार कर गया है।’

इसके अलावा एक अन्य ट्वीट में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि ‘जश्न मनाने का एक और अवसर है, क्योंकि गैस सिलेंडर की कीमत अब 1,000 रुपये को पार कर  गई है।

भारत ने 22 अक्तूबर को रचा था इतिहास
बता दें कि कोरोना के खिलाफ जंग में 22 अक्तूबर को भारत ने इतिहास रच दिया था। देश में वैक्सीनेशन का कुल आंकड़ा 100 करोड़ के पार चला गया। सबसे बड़ी बात ये है कि सिर्फ 278 दिन में भारत ने यह आंकड़ा पार कर लिया। वैक्सीनेशन के मामले में भारत सिर्फ चीन से पीछे है। चीन अन्य देशों के मुकाबले बहुत आगे चल रहा है। भारत से नीचे अमेरिका, रूस और ब्रिटेन चल रहा है।

पीएम मोदी ने इस उपलब्धि को सामूहिक भावना की जीत बताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीकाकरण की इस उपलब्धि को भारतीय विज्ञान, उद्यमों और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना की जीत करार दिया था। मोदी देश के यह उपलब्धि हासिल करने के मौके पर राम मनोहर लोहिया अस्पताल भी पहुंचे। उन्होंने वहां अस्पताल के अधिकारियों के साथ बातचीत की। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भी उनके साथ मौजूद थे।

पीएम मोदी के सामने बनारस के दिव्यांग को लगा 100 करोड़वां टीका
कोरोना वैक्सीन के 100 करोड़ डोज पूरे होने के मौके पर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के सामने ही बनारस के दिव्यांग अरुण रॉय को 100करोड़वां डोज लगाया गया था।