सलमान के पिता बोले- अमिताभ बच्चन के लायक नहीं बचीं फिल्मों की स्क्रिप्ट, अब हो जाएं फ्री…

मनोरंजन

नई दिल्ली

सलमान खान के पिता और जाने माने लेखक सलीम खान ने हाल ही में बॉलीवुड के महानायक यानी अमिताभ बच्चन को रिटायर हो जाने की सलाह दी है। सलीम ने हाल ही में दिए अपने एक इंटरव्यू कहा है कि अमिताभ ने अपने करियर में बहुत कुछ हासिल किया है और वो खुद भी उनके साथ 10 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। सलीम कहते हैं कि अब अमिताभ को कुछ वक्त अपने लिए भी निकालना चाहिए और खुद को भाग-दौड़ से मुक्त कर लेना चाहिए।

‘रेस से मुक्त कर लेना चाहिए’

अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपना 79वां जन्मदिन सेलीब्रेट किया है। इस बीच सलीम खान का एक इंटरव्यू जबरदस्त चर्चाओं में आ गया है। उन्होंने दैनिक भास्कर से बात करते हुए कहा है कि ‘अब अमिताभ बच्चन को रिटायर हो जाना चाहिए। उन्हें जो कुछ भी जिंदगी में हासिल करना था, वो सबकुछ हासिल कर चुके हैं। एक इंसान को जिंदगी के कुछ साल अपने लिए भी रखने चाहिए। अमिताभ प्रोफेशनल तौर पर अपनी इनिंग्स काफी शानदार तरीके से खेली है। उन्होंने अच्छा काम किया है और अब उन्हें खुद को रेस से मुक्त कर लेना चाहिए और ग्रेसफुल रिटायरमेंट ले लेना चाहिए’।