Vikrant Rona के हिंदी वर्जन को मिला सलमान खान का साथ, किच्चा सुदीप के लिए कही ये बात

सलमान खान ने किच्चा सुदीप की फिल्म विक्रांत रोणा का एक मोशन वीडियो रिलीज किया है जिसके साथ उन्होंने बताया कि वह फिल्म के हिंदी वर्जन को प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने किच्चा सुदीप को भाई बताया।
मुंबई
कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप की फिल्म ‘विक्रांत रोणा’ (Vikrant Rona) रिलीज के लिए तैयार है। यह एक पैन इंडिया फिल्म है जिसे हिन्दी, तेलुगू, मलयालम तमिल और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। किच्चा सुदीप को एक्शन अवतार में देखने के लिए फैन्स काफी उत्साहित हैं। सलमान खान ने फिल्म का एक मोशन वीडियो रिलीज किया है जिसके साथ उन्होंने बताया कि वह फिल्म के हिंदी वर्जन को प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने किच्चा सुदीप को भाई बताया। सलमान ने कहा कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा 3डी अनुभव देगी।
सलमान ने जताई खुशी
सलमान खान ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मैं अभी भी इसके विजुअल्स से बंधा हूं भाई किच्चा सुदीप। #VikrantRona के हिंदी संस्करण को पेश करते हुए खुशी हो रही है। भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा 3डी अनुभव।‘
सलमान को बताया सबसे बड़ा एंटरटेनर
किच्चा सुदीप ने सलमान खान के साथ सहयोग को लेकर खुशी जताई। उन्होंने लिखा, ‘सलमान खान फिल्म्स से जुड़ने पर विक्रांत रोणा को गर्व है। देश के सबसे बड़े एंटरटेनर सलमान खान विक्रांत रोणा के हिंदी वर्जन को प्रस्तुत करेंगे।‘
टीजर किया था रिलीज
इससे पहले ‘विक्रांत रोणा’ का हिंदी टीजर सलमान खान ने ट्वीट किया था। उन्होंने किच्चा सुदीप को फिल्म के लिए शुभकामनाएं देते हुए लिखा, ‘दुनिया 28 जुलाई 2022 को 3डी में विक्रांत रोणा की गवाह बनेगी। किच्चा सुदीप और टीम को बधाई।‘
कौन-कौन से कलाकार
बता दें कि फिल्म में किच्चा सुदीप के अलावा जैकलीन फर्नांडिस, निरुप भंडारी और नीता अशोक भी हैं। इसका निर्देशन अनूप भंडरी ने किया है। फिल्म 28 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। साथ ही अरबी, जर्मन, रूसी, मंदारिन और अंग्रेजी जैसी भाषाओं में भी इसके रिलीज होने की उम्मीद है।