दिलीप कुमार ऑक्सीजन सपोर्ट पर, हालत स्थिर बनी हुई

मनोरंजन

तबीयत ख़राब होने के बाद मुंबई के एक अस्पताल में इलाज करा रहे फ़िल्म अभिनेता दिलीप कुमार की तबीयत स्थिर है और वो ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं.

उनके ट्विटर हैंडल से दोपहर पौने 12 बजे के क़रीब जानकारी दी गई कि वो वेंटिलेटर पर नहीं हैं बल्कि ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं.

Social embed from twitter

Report this social embed, make a complaint

दिलीप कुमार की हालत स्थिर है और उनके कुछ टेस्ट होने हैं. यह भी जानकारी दी गई है कि चेस्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टर जलील पार्कर उनका इलाज कर रहे हैं.

साथ ही उनके ट्विटर हैंडल से मीडिया से यह गुज़ारिश भी की गई है कि उनके स्वास्थ्य को लेकर अफ़वाहें रोकने में वो मदद करे.

Social embed from twitter

Report this social embed, make a complaint

दिलीप कुमार के क़रीबी बशीर कोलोंबोवाला ने रविवार को बीबीसी की सहयोगी पत्रकार सुप्रिया सोगले को बताया था कि उन्हें सवेरे साढ़े आठ बजे के क़रीब मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

उन्होंने बताया था कि “उन्हें सांस लेने में तकलीफ़ हो रही थी इसलिए उन्हें अस्पताल ले गए. फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है. लेकिन उनकी उम्र अधिक है और हम कोई ख़तरा नहीं लेना चाहते इसलिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”

दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने सुप्रिया सोगले को बताया है कि रूटीन जांच और इलाज के लिए दिलीप कुमार को नॉन-कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है.