नई दिल्ली
आईपीएल 2021 के प्वॉइंट टेबल में सबसे नीचे चल रहीं राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रविवार को दिलचस्प और कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है, क्योंकि दोनों टीमें अब हार बर्दाश्त नहीं कर पाएंगी। राजस्थान की टीम छह मैचों में चार हार और दो जीत के साथ चार प्वॉइंट्स लेकर सातवें, जबकि हैदराबाद छह में से पांच मैच गंवा कर मात्र दो प्वॉइंट्स के साथ आठवें और आखिरी स्थान पर है। हैदराबाद की टीम यह मैच गंवाना नहीं चाहेगी, क्योंकि इस हार के बाद उसे अपने बचे हुए सभी सात मैच हर हाल में जीतने होंगे। वहीं राजस्थान के लिए भी लगभग यही स्थिति है। उसे भी अपना यह मैच हर हाल में जीतना होगा।
राजस्थान के लिए उसके टॉप और मिडिल ऑर्डर की बल्लेबाजी उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बन गई है और गेंदबाजी भी खासा अच्छी नहीं रही है। डिफेंडिंग चैंपियन और गत विजेता मुंबई इंडियंस ने राजस्थान को उसके पिछले मुकाबले में सात विकेट से हराया था, जबकि नौ गेंदें फेंकी जानी शेष थीं। मुंबई ने राजस्थान के 171 के स्कोर का आसानी से पीछा कर लिया था। वहीं हैदराबाद भी पिछले मुकाबले में इसी स्थिति में था। तीन बार की आईपीएल विजेता चेन्नई सुपर किंग्स ने उसे सात विकेट से हराया था और इस मुकाबले में भी नौ गेंदें फेंकी जानी बाकी थीं।
हैदराबाद की समस्या उसकी बल्लेबाजी की विफलता है जो केवल टॉप ऑर्डर पर टिकी है। अगर हैदराबाद का टॉप ऑर्डर चलता है तो वह अच्छी स्थिति में हो सकता है, अन्यथा उसकी मुश्किलें बढ़ना तय है। ऐसा इसलिए है क्योंकि हैदराबाद के टॉप ऑर्डर के बिखरने की स्थिति में उसका मिडिल और लॉअर ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो जाता है। अब तक खेले छह मुकाबलों में ज्यादातर उसके टॉप ऑर्डर ने ही रन बनाए हैं। हैदराबाद को राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में बेहतर बल्लेबाजी का प्रदर्शन करना होगा। यही स्थिति राजस्थान की भी रहेगी जिसे बेहतर खेल दिखाना होगा। आइए नजर डालते हैं इस मैच में दोनों टीमें किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती हैं-
राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन- जोस बटलर, यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (कप्तान), शिवम दूबे, डेविड मिलर, रियान पराग, राहुल तेवतिया, क्रिस मौरिस, जयदेव उनादकट, चेतन सकारिया, मुस्ताफिजुर रहमान।
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग इलेवन- जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, मनीष पांडे, केन विलियमसन(कप्तान), केदार जाधव, विजय शंकर, राशिद खान, जगदीश सुचित, संदीप शर्मा, खलील अहमद, सिद्दार्थ कौल।




