मनोरंजन

‘आफत’ बन छाए अनिल कपूर, ‘सूबेदार’ का ट्रेलर देख हो रही थिएटर रिलीज की मांग, लोग बोले- ‘टॉक्सिक से बेहतर है’

अनिल कपूर की अपकमिंग एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘सूबेदार’ का ट्रेलर रिलीज हो गया और ये रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच छा गया है. फिल्म में अनिल कपूर सेवानिवृत्त फौजी अर्जुन मौर्य के दमदार किरदार में नजर आएंगे, जो अपने अतीत के दर्द और एक निर्दयी दुश्मन से जूझते दिखते हैं. कहानी अवैध रेत खनन से त्रस्त इलाके के बैकग्राउंड पर आधारित है. राधिका मदान फिल्म में अनिल कपूर की बेटी श्यामा की भूमिका में हैं. यह फिल्म 5 मार्च को हिंदी, तमिल और तेलुगु में दुनिया भर के दर्शकों के लिए स्ट्रीम होगी.

नई दिल्ली. ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी प्राइम ओरिजिनल एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘सूबेदार’ का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है. ट्रेलर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ गया है.अनिल कपूर, राधिका मदान और मोना सिंह स्टारर फिल्म में धमाकेदार एक्शन की झलक दिख रही है. मोना सिंह खूंखार विलेन के रूप में नजर आ रही हैं. वहीं राधिका मदान ने अनिल कपूर की बेटी का किरदार अदा किया है. ‘सूबेदार’ का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है. इसके प्रोडक्शन की कमान विक्रम मल्होत्रा और अनिल कपूर ने संभाली है.

कहानी एक ऐसे सख्त और पिछड़े इलाके में सेट है, जहां अवैध रेत खनन के कारण डर और खामोशी का माहौल है. ट्रेलर में अनिल कपूर रिटायर्ड फौजी सूबेदार अर्जुन मौर्य के किरदार में नजर आते हैं. एक ऐसा व्यक्ति जो अनुशासन, जख्मों और निजी दर्द से भरा हुआ है. उसकी जिंदगी तब बदलती है, जब उसका सामना एक निर्दयी दुश्मन से होता है. फिल्म में उनका दमदार डायलॉग है जिसने दर्शकों के अभी से रोंगटे खड़े कर दिए हैं. वो कहते हैं- ‘एक फौजी हूं, सीने में गोली झेल सकते हैं, बेइज्जती नहीं’.
फिल्म में अर्जुन की बेटी श्यामा के रोल में राधिका मदान दिखाई देंगी. पिता-बेटी के बीच का तनावपूर्ण रिश्ता कहानी को भावनात्मक गहराई देता है. राधिका के मुताबिक, श्यामा एक ऐसी लड़की है जो भीतर से टूटी होने के बावजूद मजबूत है और अपने रिश्तों को संभालने की कोशिश करती है.

यहां देखें ट्रेलर

 

अनिल कपूर ने इस किरदार को अपने करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक अनुभवों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि सूबेदार अर्जुन मौर्य का व्यक्तित्व बलिदान, अनुशासन और व्यक्तिगत नुकसान से बना है, जिसे पर्दे पर उतारना उनके लिए बेहद शानदार अनुभव रहा.

‘सूबेदार’ की ‘टॉक्सिक’ से हो रही तुलना

अनिल कपूर की ‘सूबेदार’ का 2 मिनट 52 सेकेंड का ट्रेलर दर्शकों को इतना पसंद आया है कि लोग इस फिल्म की थिएटर रिलीज की मांग करने लगे हैं. वहीं कुछ लोगों ने इसे अनिल कपूर का अबतक का सबसे खतरनाक अवतार बताते हुए यश की अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक’ से इसकी तुलना कर डाली है. लोगों का कहना है कि सूबेदार का ट्रेलर टॉक्सिक से कई गुना बेहतर है.

5 मार्च को अमेजन प्राइम पर आ रही ‘सूबेदार’

फिल्म में सौरभ शुक्ला, मोना सिंह, आदित्य रावल, फैसल मलिक और खुशबू सुंदर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. ‘सूबेदार’ 5 मार्च को प्राइम वीडियो पर हिंदी, तमिल और तेलुगु में भारत समेत 240 से अधिक देशों में स्ट्रीम होगी.

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button