केंद्र सरकार गरीबों से टैक्स वसूल रही हैं GST को बताया गृहस्थी सत्यानाश टैक्स : प्रियंका गांधी

Breaking News

Loading

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीब और मध्यवर्ग से जीवनबीमा और जीवन की बुनियादी जरूरतों पर भी टैक्स वसूल रही है।

नई दिल्ली

कांग्रेस और भाजपा की तरफ से एक-दूसरे पर तमाम आरोप-प्रत्यारोप लगाए जाते हैं। इस कड़ी में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गरीबों और मध्यम वर्ग के परिवारों से 90 फीसदी टैक्स वसूलने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- कॉरपोरेट को लाखों करोड़ का जीवनदान देने वाली भाजपा सरकार गरीब और मध्यवर्ग से जीवनबीमा और जीवन की बुनियादी जरूरतों पर भी टैक्स वसूल रही है।

 

GST का मतलब बताया ‘गृहस्थी सत्यानाश टैक्स’
प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगे लिखा- एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुल GST का करीब 90% से ज्यादा हिस्सा सबसे गरीब और मध्य वर्ग से वसूला जा रहा है जबकि सबसे ज्यादा आय वाली 10% आबादी का GST में योगदान सिर्फ 3% है। कॉरपोरेट टैक्स की दर 30% से घटाकर 22% कर दी और गरीब जनता से रोटी-दाल और चना-चबैना पर भी वसूली हो रही है। आम जनता के लिए GST का मतलब ‘गृहस्थी सत्यानाश टैक्स’ हो गया है।

पॉपकॉर्न पर टैक्स को लेकर जयराम रमेश का हमला
इससे पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पत्र साझा किया था। जिसमें उन्होंने जीएसटी के नए आंकड़ों पर कहा, ‘भारत कम खपत, कम निवेश, कम विकास, कम मजदूरी के खतरनाक चक्र में फंसा हुआ है। ग्रोथ में गिरावट से लेकर खराब जीएसटी राजस्व संग्रह तक की आर्थिक मोर्चे पर निराशाजनक खबरें, सरकार से यह अपेक्षाए करती हैं कि सरकारी तंत्र अपना ध्यान पॉपकॉर्न पर टैक्स लगाने से हटाकर अर्थव्यवस्था की जटिलताओं से निपटने पर केंद्रित करे।’