असम के गोलपारा जिले में बदरुद्दीन अजमल ने कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समुदाय में शिक्षा की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि इसी के चलते आपराधिक गतिविधियों में मुस्लिम ज्यादा फंसते हैं.
गुवाहाटी
असम के ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के चीफ मौलाना बदरुद्दीन अजमल ने रेप, चोरी, लूटपाट और डकैती जैसे अपराधों में मुस्लिम को नंबर 1 बताया है. उन्होंने कहा कि हम जेल जाने में भी नंबर 1 हैं. बदरुद्दीन ने ये बयान 20 अक्टूबर को असम में एक कार्यक्रम के दौरान दिया था, जिसके बाद से उनकी आलोचना शुरू हो गई. हालांकि बदरुद्दीन अपने बयान पर कायम रहे. वहीं एक मीडिया चैनल को दिए गए इंटरव्यू में अपने बयान पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा, ‘मैंने कुछ भी गलत नहीं कहा है. अपराधों में शामिल होने की आदत सीधे तौर पर शिक्षा की कमी से जुड़ी है.’
असम के गोलपारा जिले में बदरुद्दीन अजमल ने कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समुदाय में शिक्षा की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि इसी के चलते आपराधिक गतिविधियों में मुस्लिम ज्यादा फंसते हैं. उन्होंने कहा, ‘हमारे बच्चों के पास स्कूल जाने का समय नहीं है. लेकिन जुआ खेलने और लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का बहुत समय है. इन सब गलत कामों में कौन शामिल होता है, मु्स्लिम शामिल होता है. ये दुखद बात है.’
उन्होंने कहा कि लोग चांद और सूरज तक जा रहे हैं और हम जेल जाने पर पीएचडी कर रहे हैं. किसी भी पुलिस स्टेशन चले जाइए, आपको दिख जाएगा कि कौन पूर्ण बहुमत में है. वहीं निजी चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने दुनियाभर के मुस्लिम समुदायों में पढ़ाई की कमी देखी है, मैंने कई बार ये बात कही है कि हमारे बच्चे पढ़ाई नहीं करते, हायर एजुकेशन नहीं लेते, यहां तक की मैट्रिक भी नहीं करते हैं. युवाओं को पढ़ाई का महत्व बताने के लिए मैंने अपराध में नंबर-1 वाली बात कही थी.
