कभी फिल्म निर्माण में सैफ अली खान के पार्टनर रहे निर्माता दिनेश विजन का अपने कल्पनालोक के हॉरर यूनिवर्स पर भरोसा अब भी नहीं टूटा है। इस काल्पनिक दुनिया की अब तक तीन फिल्में ‘स्त्री’, ‘रूही’ और ‘भेड़िया’ रिलीज हो चुकी हैं। फिल्म ‘स्त्री’ को छोड़कर बाकी की दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास सफल नहीं रही हैं। लेकिन, सुनने में आया है कि दिनेश विजन इस पर ध्यान न देते हुए इस हॉरर यूनिवर्स को आगे बढ़ाने के लिए अगले साल मार्च से फिल्म ‘स्त्री 2’ की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं। हालांकि, अभिनेता राजकुमार राव ‘अमर उजाला’ से एक एक्सक्लूसिव मुलाकात में ये कह चुके हैं कि इस फिल्म के लिए अभी तक फिल्म निर्माण कंपनी से किसी ने उनसे संपर्क नहीं किया है।
राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘स्त्री’ की कामयाबी के बाद से ही इस फिल्म के सीक्वल को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। बीच में ऐसी खबरें भी आई थीं कि ‘स्त्री 2’ में राजकुमार राव नहीं, बल्कि वरुण धवन की एंट्री हो गई है। राज कुमार राव ने भी ये कहते हुए इस खबर को हवा दे दी थी कि उनसे इस फिल्म के लिए अभी तक किसी ने संपर्क नहीं किया है। ये बात राजकुमार राव ने फिल्म ‘मोनिका ओ माई डार्लिंग’ की रिलीज से पहले ‘अमर उजाला’ से एक एक्सक्लूसिव मुलाकात में कही थी। फिल्म के कलाकारों को लेकर अभी तक हालांकि कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन सुगबुगाहट है कि फिल्म ‘स्त्री 2’ की शूटिंग मार्च 2023 से शुरू होने जा रही है। फिल्म के एक कलाकार अपारशक्ति खुराना ने इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।