बापू के अपमान पर बोले सपा प्रवक्ता ,रागिनी नायक ने कहा -कहां मुंह छिपाकर भाग गई बीजेपी?

रायपुर में आयोजित धर्म संसद में संत कालीचरण द्वारा महात्मा गांधी को अपशब्द कहे जाने के बाद विवाद बढ़ गया है। इस मुद्दे पर एक टीवी डिबेट के दौरान भाजपा प्रवक्ता के मौजूद नहीं रहने पर सपा प्रवक्ता ने बीजेपी को जमकर घेरा और कहा कि भाजपा मुंह छिपा कर कहां भाग गई। वहीं डिबेट में मौजूद रहीं कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक भी राष्ट्रपिता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले के खिलाफ जमकर बरसी।
आजतक न्यूज चैनल पर आयोजित टीवी डिबेट में एंकर चित्रा त्रिपाठी के सवाल के जवाब में सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा कि सनातन धर्म में संत कभी गाली नहीं देते हैं। उनसे हमें सीख मिलती है। लेकिन जब वो गाली गलौज करने लगते हैं तो सवाल खड़ा होता है। ये असली समस्या है। असली समस्या ये भी है कि आज भाजपा के प्रवक्ता क्यों नहीं आए।
रायपुर में हुई धर्मसंसद पर विवाद, देखिए सपा प्रवक्ता @anuragspparty ने क्या कहा #Dangal @chitraaum pic.twitter.com/W6LGD5dnie
— AajTak (@aajtak) December 27, 2021
आगे अनुराग भदौरिया ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता मैदान छोड़ कर क्यों भाग गए? क्या वे गांधी जी के साथ नहीं खड़े हैं? क्या गांधी के बारे में उनको कुछ नहीं बोलना? इसका मतलब ये है कि भाजपा के लोग सवालों का सामना नहीं करना चाहते थे। 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री समेत कई नेता गांधी जी की बात करते हैं और उनको आदर्श मानते हैं। आज उनको बचाने के लिए भाजपा का कोई प्रवक्ता नहीं आया। कहां वो मुंह छिपा कर भाग गए। ये गांधी जी के साथ खड़े नहीं हैं।
इसी डिबेट में मौजूद रहीं कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा कि सनातनी परंपरा की नीवं उदार सहिष्णु मूल्यों पर आधारित है। उसका परचम पूरी दुनिया में लहराया जाता है लेकिन आज उसका जमकर अहित धर्म के स्वघोषित ठेकेदार कर रहे हैं। जो कभी नरसंहार के लिए ललकारते हैं, कभी संवैधानिक मूल्यों के परखच्चे उड़ाते हैं, कभी राष्ट्रपिता को जायज ठहराकर गोडसे का गुणगान करते हैं।
बता दें कि रविवार को रायपुर में आयोजित धर्म संसद में संत कालीचरण ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा की। कालीचरण ने कहा कि मैं नाथूराम गोडसे को नमस्कार करता हूं कि उन्होंने गांधी की हत्या की। हालांकि छत्तीसगढ़ पुलिस ने संत कालीचरण के खिलाफ आईपीसी की 505(2), 294 और अन्य कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।