भारत के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा- टी20 वर्ल्ड कप के लिए शार्दुल ठाकुर को मिल सकती है हार्दिक पांड्या पर तरजीह

खेल

Loading

नई दिल्ली

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सिलेक्शन कमिटी आज आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा कर सकती है। कई खिलाड़ी हैं, जिनकी जगह टीम में बिल्कुल तय नजर आ रही है, लेकिन कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जिनकी जगह को लेकर काफी चर्चा हो रही है। फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर को लेकर टी20 वर्ल्ड कप में किसे जगह मिलेगी, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। हार्दिक पांड्या का फॉर्म हाल में टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय रहा है। श्रीलंका के खिलाफ लिमिटेड ओवर फॉर्मेट सीरीज में हार्दिक बल्ले से बुरी तरह फेल हुए और बॉलिंग भी ज्यादा नहीं कर सके, ऐसे में माना जा रहा है कि उनकी जगह शार्दुल ठाकुर को भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है। टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज रीतिंदर सिंह सोढ़ी का मानना है कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में शार्दुल को हार्दिक पर तरजीह दी जाएगी।

शार्दुल ने अभी तक भारत की ओर से 4 टेस्ट, 15 वनडे और 22 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे टेस्ट में शार्दुल ने दोनों पारियों में पचासा जड़ा, जिसमें से एक पारी में उन्होंने भारत की ओर से दूसरी सबसे तेज टेस्ट फिफ्टी जड़ी। शार्दुल ने अपनी बैटिंग पर काफी काम किया है और जो उनके खेल में भी नजर आ रहा है, ऐसे में हार्दिक पांड्या की जगह खतरे में नजर आ रही है। इंडिया न्यूज से बात करते हुए रीतिंदर ने कहा, ‘मैं इस मामले में अपनी गर्दन नहीं फंसाना चाहूंगा। ऐसा नहीं है कि हार्दिक ने टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। हार्दिक में काफी पोटेंशियल है और उन्हें फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर देखा जाता है, लेकिन हाल में श्रीलंका में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।’

उन्होंने कहा, ‘मेरी राय में अगर आप इस समय में शार्दुल और हार्दिक की तुलना करेंगे तो शार्दुल बेहतर नजर आ रहे हैं। शार्दुल ने अपने प्रदर्शन के दम पर अपनी दावेदारी को मजबूत किया है। तो अगर आप मेरी राय पूछें तो मुझे लगता है कि फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर शार्दुल ठाकुर को टीम में जगह मिल सकती है।’

इस आर्टिकल को शेयर करें