![]()
देव दीपावली का पर्व हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है, यह पर्व दीपों के उत्सव के रूप में प्रसिद्ध है और मान्यता है कि इस दिन देवता काशी में आकर दिवाली का पर्व मनाते हैं. आइए जानते हैं देव दिवाली के दिन दीपदान का मुहूर्त क्या है और कहां-कहां जलाने चाहिए दीपक और दीपदान के समय क्या करें…
हिंदू धर्म में देव दीपावली का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है. कार्तिक पूर्णिमा के दिन भक्त पवित्र नदियों में स्नान करते हैं और सूर्यास्त के समय दीपक जलाते हैं. मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता स्वर्ग से धरती पर उतरकर भगवान शिव की नगरी काशी में दीपोत्सव मनाते हैं. इसीलिए इसे देवताओं की दिवाली भी कहा जाता है. पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्त कराया था. इस विजय की खुशी में देवताओं ने काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन दीपदान करने से जीवन में सुख-शांति आती है और व्यक्ति को पुण्य फल की प्राप्ति होती है.
इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें. इसके बाद भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें. प्रदोष काल में दीपदान करना बहुत शुभ माना जाता है इसलिए इस अवधि में घर के मंदिर में घी या तिल के तेल का दीपक जलाएं. दीपदान के लिए मिट्टी के दीयों में तेल या घी डालकर रूई की बाती लगाएं. भगवान का स्मरण करते हुए दीपक अर्पित करें और सुख-समृद्धि की कामना करें. जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान करना भी शुभ माना जाता है.
कहां-कहां जलाने चाहिए दीये?
देव दीपावली पर आप अपनी सामर्थ्य के अनुसार 11, 21, 51 या 108 दीपक जला सकते हैं. साथ ही आप इस दिन पूरे साल की पूजा का पुण्य देने वाले 365 दीपक घी या तेल के जला सकते हैं. दीपक जलाने से पहले भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का ध्यान करें और मन ही मन प्रार्थना करें. इसके बाद प्रदोष काल में घर के मुख्य द्वार, पूजा घर, रसोई, छत, बालकनी और आंगन में दीपक जलाएं. इसके अलावा मंदिरों, नदी के घाटों और पवित्र जलाशयों के किनारे भी दीपदान किया जाता है. आप तुलसी के पौधे, पीपल के वृक्ष के नीचे, शमी के वृक्ष के नीचे भी दीपक जला सकते हैं. काशी के दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और पंचगंगा घाट पर इस दिन भव्य दीपोत्सव देखने को मिलता है. जल में दीपदान करते समय पर्यावरण और सुरक्षा का ध्यान रखें.
