हर शिकायत सीधे सुप्रीम कोर्ट नहीं आ सकती, सहारनपुर मस्जिद ढाहने पर CJI सूर्यकांत की टिप्पणी

देश

Loading

सुप्रीम कोर्ट ने सहारनपुर में मस्जिद विध्वंस मामले में सीधी याचिका खारिज कर दी है. कोर्ट ने याचिकाकर्ता को संबंधित हाईकोर्ट जाने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही सीजेआई की बेंच ने कहा कि शीर्ष अदालत के ऑर्डर के उल्लंधन की हर शिकायत सुप्रीम कोर्ट में नहीं आ सकती. उल्लंघन की जांच संबंधित हाईकोर्ट के दायरे में आता है. पहले की सुनवाई पहले वहां होनी चाहिए.

सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में करीब 100 साल पुरानी मस्जिद को कथित तौर पर ध्वस्त किए जाने के मामले में अहम टिप्पणी की है. मस्जिद के कथित ध्वस्तीकरण को सुप्रीम कोर्ट के 2024 के बुलडोजर फैसले का उल्लंघन बताते हुए इमरान अहमद ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि सुप्रीम कोर्ट के हर फैसले के कथित उल्लंघन को सीधे सुप्रीम कोर्ट के सामने नहीं लाया जा सकता. हर उल्लंघन की शिकायत सीधे सुप्रीम कोर्ट नहीं आ सकती.
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा- सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लंघन करने वाला हर आदेश वापस सुप्रीम कोर्ट में नहीं आ सकता. आपको संबंधित हाईकोर्ट जाना होगा. पीठ ने कहा कि यह तय करने के लिए कि सुप्रीम कोर्ट की बुलडोजर कार्रवाई संबंधी गाइडलाइंस का उल्लंघन हुआ है या नहीं, तथ्यों की जांच जरूरी है.
संबंधित हाईकोर्ट को जल्द फैसला करने का निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में कथित उल्लंघन की जांच संबंधित अधिकार क्षेत्र वाले हाई कोर्ट द्वारा की जानी चाहिए. पीठ ने हाईकोर्ट से मामले पर जल्द निर्णय लेने को कहा. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि बुलडोजर कार्रवाई संबंधी दिशानिर्देशों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो उसके मुताबिक उचित कार्रवाई और परिणाम सामने आएंगे. सुप्रीम कोर्ट ने आगे कहा कि अगर उल्लंघन साबित होता है, तो उचित कार्रवाई की जाएगी. इमरान अहमद ने अवमानना याचिका दायर की थी.
2024 के बुलडोजर फैसले के उल्लंघन का आरोप
याचिकाकर्ता इमरान अहमद का आरोप है कि सहारनपुर में 100 साल पुरानी मस्जिद को ध्वस्त कर सुप्रीम कोर्ट के 2024 के बुलडोजर फैसले में तय दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया गया. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में तथ्यात्मक जांच की आवश्यकता बताते हुए याचिकाकर्ता को संबंधित हाई कोर्ट में जाने का निर्देश दिया.