![]()
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री वीरप्पा मोइली ने अमित शाह और नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि अदालत ने अमित शाह को उनके गृह राज्य से बाहर रहने का आदेश दिया था और मामले को दूसरे राज्य में स्थानांतरित कर दिया गया था। मोइली के मुताबिक, अमित शाह के बाद नरेंद्र मोदी की जेल जाने की बारी थी।
बंगलूरू
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने दावा किया है कि यूपीए सरकार के दौरान कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ चल रही जांच रुकवा दी थी। उस समय मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। मोइली के मुताबिक, अगर जांच नहीं रोकी गई होती तो मोदी को जेल जाना पड़ सकता था। पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं के इस फैसले का राजनीतिक नुकसान कांग्रेस को उठाना पड़ा। उन्होंने कहा, आज हम उसी का खामियाजा भुगत रहे हैं।
2009 से 2011 के बीच केंद्रीय कानून मंत्री रहे मोइली ने कहा, उस समय मैं कानून मंत्री था। अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो आज अमित शाह केंद्रीय गृह मंत्री नहीं होते। अदालत ने उन्हें (शाह को) गुजरात से बाहर कर दिया था। उनका मुकदमा किसी दूसरे राज्य में चलना था। वह जेल जाने वाले पहले ताकतवर नेता थे। इसके बाद मोदी की बारी आती और उन्हें भी (गुजरात से) बाहर कर दिया जाता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार ने मोदी के खिलाफ चल रही जांच को रोक दिया था। मोइली ने कहा, ये पार्टी के भीतर की ही कुछ दुखद घटनाएं थीं। हमारी अपनी ही सरकार ने मोदी के खिलाफ चल रही जांच को रोक दिया था। उन्होंने आगे कहा, “ऐसा (तत्कालीन प्रधानमंत्री) मनमोहन सिंह की वजह से नहीं हुआ था, बल्कि कुछ अन्य नेताओं की वजह से हुआ था। आज हम उसी का खामियाजा भुगत रहे हैं।
मोइली ने यह भी दावा किया कि अगर पार्टी के कुछ नेताओं ने संगठन में सुधारों का विरोध नहीं किया होता तो कांग्रेस नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोक सकती थी। उन्होंने सोनिया गांधी के पार्टी में “क्रांतिकारी बदलाव” लाने के प्रयासों का जिक्र किया। मोइली के मुताबिक, सोनिया गांधी की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई थी। इसका उद्देश्य कांग्रेस के सामने आने वाली भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के तरीकों पर विचार करना था।
मोइली ने बताया कि सोनिया गांधी समिति की सिफारिशों को लागू करना चाहती थीं, लेकिन पार्टी के कुछ नेताओं ने इनका विरोध किया। उनका तर्क था कि मौजूदा व्यवस्था से हटकर नए बदलाव लागू करना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा, लेकिन आप हमारे कुछ नेताओं को तो जानते ही हैं। वे मौजूदा स्थिति से एक कदम भी आगे नहीं बढ़ना चाहते। मैं उन नेताओं का नाम नहीं लेना चाहता। उन्होंने कहा कि जो बदलाव सुझाए गए थे, उन्हें लागू करना मुश्किल था। मोइली ने आगे कहा, अगर वे बदलाव लागू कर दिए गए होते, तो आज मोदी के (सत्ता में) आने का सवाल ही नहीं उठता।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को महत्वपूर्ण फैसले पूरी हिम्मत के साथ लागू करने चाहिए। उन्होंने कहा, हमें कोई संदेह नहीं रखना चाहिए। संदेह रखने का मतलब है दुश्मन को मौका देना कि वह आए और आपको खत्म कर दे।
