![]()
हॉरर फिल्मों में डर पैदा करने के लिए अक्सर अंधेरा, डरावने चेहरे और खौफनाक रंगों का सहारा लिया जाता है. लेकिन जैकी श्रॉफ और शरद केलकर की आने वाली फिल्म ‘काली खेती’ के मेकर्स ने इस बार कुछ अलग करने की कोशिश की है. फिल्म का नया ट्रेलर पूरी तरह ब्लैक एंड व्हाइट यानी काले-सफेद रंग में रिलीज किया गया है. ट्रेलर में रंगों की जगह सन्नाटा, रहस्यमयी आवाजें और डरावने नजारे देखने को मिलते हैं. यही वजह है कि यह बाकी हॉरर फिल्मों के ट्रेलर से काफी अलग नजर आ रहा है.
नई दिल्ली.
ट्रेलर देखते ही महसूस होता है कि कहानी किसी ऐसे गांव की है, जहां सब कुछ सामान्य नहीं है. गांव का माहौल, लोगों के चेहरे और आसपास की चीजें एक अजीब सा डर पैदा करती हैं. मेकर्स ने डर दिखाने के लिए हर बार भूत या खौफनाक चेहरा सामने लाने के बजाय माहौल पर ज्यादा ध्यान दिया है. ऐसा लगता है कि गांव की जमीन के नीचे कोई बड़ा राज छिपा हुआ है, जो धीरे-धीरे सामने आने वाला है.
ट्रेलर की शुरुआत थोड़े मजेदार अंदाज में होती है. एक शख्स दूसरे को डराने की कोशिश करता है, लेकिन जवाब मिलता है, ‘तुम्हें तो बिल्कुल डर नहीं लगता.’ इसके बाद कहानी का माहौल अचानक बदल जाता है. ‘यह जमीन काली है, आसमान काला है’ जैसी आवाज सुनाई देती है. फिर बार-बार ‘खेती, खेती’ की गूंज सुनाई देने लगती है. जमीन को जगाने और उसके सन्नाटे को तोड़ने की बातें ट्रेलर में रहस्य और डर को और बढ़ा देती हैं.
दर्शकों के लिए साबित होगा नया अनुभव
इस ट्रेलर की एक और खास बात सुनिधि चौहान की आवाज है. उन्होंने खास तौर पर फिल्म के लिए अपनी आवाज रिकॉर्ड की है. मेकर्स ने उनकी आवाज को ट्रेलर में अहम जगह दी है. उनका अंदाज फिल्म के डरावने माहौल को एक अलग पहचान देता है. हॉरर कहानी के साथ सुनिधि की आवाज का यह मेल दर्शकों के लिए नया अनुभव हो सकता है. फिल्म की कहानी एक ऐसे गांव के आसपास बुनी गई है, जहां किसी काली ताकत का साया है. गांव में कई ऐसे राज छिपे हैं, जिन्हें हमेशा के लिए दबाकर रखना अब आसान नहीं रह गया है. जैकी श्रॉफ और शरद केलकर अपने दमदार अंदाज से ट्रेलर में जान डालते नजर आते हैं. हालांकि, ट्रेलर में कहानी के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन इसके रहस्यमयी दृश्य दर्शकों के मन में कई सवाल जरूर खड़े करते हैं.
राइटर-डायरेक्टर हैं इम्तियाज खान
हरिस इम्तियाज खान ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन भी किया है. फिल्म में खेती और किसानी जैसे आम विषय को हॉरर के साथ जोड़कर एक अलग तरह की कहानी पेश की गई है. आमतौर पर खेत और खेती को जिंदगी और रोजी-रोटी से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन ‘काली खेती’ में इसी दुनिया का एक डरावना पहलू दिखाने की कोशिश की गई है.सना खान ने ब्लैककैनवास स्टूडियो के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण किया है. जैकी श्रॉफ और शरद केलकर के अलावा फिल्म में नेहा सरगम, वीरेंद्र सक्सेना, शाजी चौधरी और स्पंदन समीर जवलगी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे.
बता दें कि फिल्म की टेक्निकल टीम में सिनेमैटोग्राफर किरण देवहंस, एडिटर संयुक्ता काज़ा, बैकग्राउंड स्कोर कंपोजर अलोकानंदा दासगुप्ता, साउंड डिजाइनर जयदेवन चक्कड़थ और प्रोडक्शन डिजाइनर राकेश यादव शामिल हैं. फिल्म के डायलॉग इम्तियाज खान ने लिखे हैं.फिलहाल फिल्म का ब्लैक एंड व्हाइट ट्रेलर अपनी अलग शैली की वजह से चर्चा में है. अब देखना होगा कि खेतों, रहस्यों और काली ताकत के इर्द-गिर्द घूमती यह कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना डराने में कामयाब होती है.‘काली खेती’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
