IND W vs JPN W Asian Games: श्रीचरणी-शेफाली का कहर, शान से सेमीफाइनल में भारतीय महिला टीम, जापान को 8 विकेट से रौंदा

खेल

IND W vs JPN W Asian Games: मेजबान जापान को एकतरफा मुकाबले में हराकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. पहले श्रीचरणी ने चार विकेट झटके तो दो विकेट लेने वाली विस्फोटक ओपनर शेफाली वर्मा ने बैटिंग करते हुए 15 गेंद में 40 रन कूट दिए.

 

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मेजबान जापान को एशियन गेम्स क्रिकेट इवेंट के क्वार्टर फाइनल में हराते हुए शान से सेमीफाइनल में जगह बना ली है. श्रीचरणी की घातक गेंदबाजी (10 रन देकर चार विकेट) के दमपर भारतीय महिलाओं ने पहले तो जापान को सिर्फ 57 रन पर ऑलआउट किया फिर शेफाली वर्मा की तूफानी पारी के बूते पांच ओवर में ही लक्ष्य हासिल भी कर लिया.

श्रीचरणी और शेफाली रहीं जीत की नायिका
शेफाली वर्मा ने पहले तो 13 रन देकर दो विकेट लिए और फिर 15 गेंद में 40 रन की तूफानी पारी खेली. कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निशिन में हुए चौथे क्वार्टर फाइनल मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. श्रीचरणी की अगुवाई में हमारे अनुभवी स्पिनर्स ने जापानी बल्लेबाजों की अनुभवहीनता का पूरा फायदा उठाया. भारतीय टीम ने जापान के बल्लेबाजों को हाथ खोलने ही नहीं दिए और पूरी पारी में सिर्फ तीन चौके लगे.
एकतरफा मैच में भारत का पूरी तरह दबदबा
जापान के बल्लेबाजों को टॉप टीमों से खेलने या नियमित अभ्यास का मौका नहीं मिलता है और उनके लिए टर्न और उछाल लेती पिच पर भारत के गेंदबाजों का सामना कर पाना काफी मुश्किल था. पावरप्ले में 24 रन ही बने जिसमें दो चौके लगे. भारत के लिए बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचरणी ने 10 रन देकर चार विकेट लिए, जो टी-20 क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है, उन्होंने सलामी बल्लेबाज हारूना इवासाकी (10) और कप्तान माइ यानागिडा को लगातार दो गेंदों पर पवेलियन भेजा.
छक्का मारकर शेफाली ने खत्म किया मैच
शेफाली वर्मा ने 13 रन देकर दो विकेट चटकाए. उन्होंने 15वें ओवर में अयाका कातो और 17वें ओवर में शिमाको कातो के विकेट लिए. कुछ बल्लेबाज रन आउट भी हुए जिससे जापान की मुश्किलें और बढ़ गई. बाद में जब 57 रन के लक्ष्य को पीछा करने की बारी आई तो शेफाली ने छक्का मारकर मैच फिनिश किया.