मनोरंजन
नाम ही नहीं, सलमान खान की ‘मातृभूमि’ की कहानी में भी हुआ बड़ा बदलाव, 40% फिल्म की दोबारा हुई शूटिंग, ये है वजह

सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के अंतिम कट में चीन का नाम शामिल नहीं होगा. इसके साथ ही मेकर्स को फिल्म के 40 प्रतिशत पार्ट को दोबारा शूट करना पड़ा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में बदलाव किए गए हैं ताकि सच्ची घटनाओं पर आधारित न लगे.
नई दिल्ली.
सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था जिसे बदलकर मातृभूमि कर दिया गया. सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की फिल्म पहले अप्रैल के महीने में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब ये इंडिपेंडेंस डे के मौके पर 14 अगस्त को रिलीज होगी. फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था, लेकिन इसके टाइटल के साथ ही कहानी में भी काफी बदलाव किए गए हैं. यहां तक कि डायरेक्टर को फिल्म का अहम हिस्सा दोबारा शूट करना पड़ा है.
अपूर्व लखिया के निर्देशन में बन रही यह फिल्म पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ शीर्षक से विकसित की जा रही थी और इसकी कहानी 2020 में भारत-चीन सीमा पर हुए संघर्ष से प्रेरित बताई जा रही थी. लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बदलते कूटनीतिक हालात और संवेदनशील विषय को देखते हुए मंत्रालय ने फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर कुछ बदलाव के सुझाव दिए जिसके बाद मेकर्स ने फिल्म को रीशूट किया है.
अपूर्व लखिया को दोबारा करनी पड़ी फिल्म की शूटिंग
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक मंत्रालय के सुझाव के बाद मेकर्स ने फिल्म के लगभग 40 प्रतिशत हिस्से को दोबारा शूट किया है. नए वर्जन में कहानी को अधिक काल्पनिक रूप दिया गया है और इसमें कुछ अतिरिक्त बैकस्टोरी, भावनात्मक तथा रोमांटिक दृश्य भी जोड़े गए हैं ताकि फिल्म सीधे रियल स्टोरी पर बेस्ड न लगे.
फिल्म में किए गए कई बदलाव
पोर्टल के सूत्रों का दावा है कि फिल्म में किए गए बदलावों में से एक बदलाव है जिसमें चीन का नाम हटा दिया गया है. फिल्म में चीन के नाम का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा यानी फिल्म में संघर्ष की पृष्ठभूमि तो बरकरार रहेगी, लेकिन किसी भी देश का स्पष्ट नाम नहीं लिया जाएगा. बताया जा रहा है कि यह निर्णय पहले ही मेकर्स को बता दिया गया था और हाल में मंत्रालय को भेजे गए नए कट में इस निर्देश का पालन किया गया है.
हालांकि, फिल्म को अभी तक अंतिम मंजूरी नहीं मिली है और कुछ अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा जारी है. यही कारण है कि फिल्म की रिलीज डेट भी लगातार टलती जा रही है. पहले इसे अप्रैल 2026 में रिलीज करने की योजना थी, फिर मई 2026 की चर्चा हुई, लेकिन अब नई रिलीज डेट का इंतजार किया जा रहा है.




