खेल
Turning Point: 4 गेंद में फिसल गया मुंबई इंडियंस से मैच, कॉर्बिन बॉस का वो ओवर दिल्ली कैपिटल्स के लिए बना टर्निंग पॉइंट

DC vs MI Match Turning Point: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 8वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया. एक समय मुंबई की टीम ने मैच पर अपना शिकंजा कस लिया था, लेकिन 11वें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी ने धुआंधार बल्लेबाजी की, जिससे मैच मुंबई इंडियंस से दूर हो गया.
नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 8वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया. दिल्ली के लिए इस मैच में समीर रिजवी और पाथुम निसंका ने कमाल का प्रदर्शन किया. उससे पहले दिल्ली ने गेंदबाजी में दमदार खेल दिखाया था और मुंबई इंडियंस को 20 ओवर में सिर्फ 162 रन के स्कोर पर रोकने का काम किया. 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी में शुरुआत अच्छी नहीं रही.
दिल्ली ने 7 रन के स्कोर पर केएल राहुल और नीतीश राणा का विकेट गंवा दिया था. टीम मुश्किल में फंस गई थी, लेकिन पाथुम निसंका और समीर रिजवी धीरे-धीरे पारी को ट्रैक पर ले आए. 10 ओवर में दिल्ली का स्कोर 3 विकेट पर 73 रन था. मुंबई के लिए कॉर्बिन बॉस पारी का 11वां ओवर लेकर आए और यही ओवर दिल्ली कैपिटल्स के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. कॉर्बिन बॉस के इस ओवर में समीर रिजवी ने 2 चौके और 2 छक्के लगाकर 20 रन बटोर लिए और स्कोर 93 रन पर पहुंचा दिया. कॉर्बिन बॉस के ओवर की उस चार गेंद ने मुंबई को मैच से दूर कर दिया.
समीर ने दिखाई बल्लेबाजी में समझदारी
दिल्ली के लिए बल्लेबाजी में समीर रिवजी ने गजब की समझदारी दिखाई. मुंबई इंडियंस 10 ओवर तक बराबरी की लड़ाई लड़ रही थी, लेकिन समीर ने बुमराह जैसे गेंदबाज के खिलाफ अपना विकेट नहीं फेंका और दूसरे बॉलर को निशाने पर लिया, जिससे दबाव मुंबई पर शिफ्ट हो गया. इसके अलावा जब पाथुम निसंका क्रीज पर थे तो रिजवी ने उन्हें स्ट्राइक देना जारी रखा था, लेकिन जैसे ही निसंका आउट हुए तो उन्होंने खुद से चार्ज लिया और विस्फोटक अंदाज में बैटिंग की.
समीर रिवीज ने मैच में 51 गेंदों में 90 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के भी लगाए, जिसकी वजह से दिल्ली कैपिटल्स ने 18.1 ओवर में ही 4 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया.




