महाराष्ट्र

‘बड़े-बड़े नेताओं की फाइल हमारे पास, करूंगा खुलासा’ अजित पवार के प्लेन क्रैश पर रोहित पवार का क्या अल्टिमेटम

अजित पवार के भतीजे और एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने देवेंद्र फडणवीस सरकार को खुली चुनौती दी है. रोहित पवार ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर प्लेन क्रैश की जांच रिपोर्ट में किसी भी तरह की गड़बड़ी पाई गई, तो वे इस मामले में ‘बड़ा खुलासा’ करेंगे.

अजित पवार की प्लेन क्रैश में हुई मौत को लेकर महाराष्ट्र की सियासत लगातार गरमाई हुई है. इस विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट इसी हफ्ते आने की संभावना है. हालांकि इस बीच एनसीपी चीफ के भतीजे और एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने देवेंद्र फडणवीस सरकार को खुली चुनौती दी है. रोहित पवार ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर जांच रिपोर्ट में किसी भी तरह की गड़बड़ी पाई गई, तो वे इस मामले में ‘बड़ा खुलासा’ करेंगे.

रोहित पवार ने दावा किया कि उनके पास इस पूरे मामले से जुड़े कई अहम सबूत और दस्तावेज मौजूद हैं. उन्होंने कहा, ‘अगर अजीत दादा के विमान हादसे की शुरुआती जांच में कुछ भी गड़बड़ी हुई तो हम बड़े-बड़े नेता, बिजनेसमैन और कई बड़े लोगों के नामों का इस मामले में खुलासा करेंगे.’
उन्होंने कहा, ‘अजित पवार के विमान हादसे की जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए. हमारे पास बहुत से सबूत हैं. मेरे पास जले हुए ब्लैक बॉक्स की तस्वीर भी मौजूद है और मुझे उसके नुकसान की गंभीरता का अंदाजा है. ऐसे में सरकार जल्दबाजी में रिपोर्ट जारी कर समय बर्बाद कर रही है.’
विधानसभा के बजट सत्र से पहले सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए रोहित पवार ने पायलट पर उठाए जा रहे सवालों पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा, ‘पायलट पर ही शक क्यों किया जा रहा है? जांच एजेंसियां क्या सभी सबूत ठीक से जुटा रही हैं? दादा की दुर्घटना की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए.’ उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में वे मुख्यमंत्री को पत्र लिखने वाले हैं, जिसमें जांच को समयबद्ध और निष्पक्ष बनाने की मांग की जाएगी.
रोहित पवार ने विमान ऑपरेटर कंपनी वीएसआर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा, ‘जांच एजेंसी किस तरह की जांच कर रही है, यह हम देखेंगे. वीएसआर के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है, यह भी सामने आएगा. कंपनी ने कई नियमों का उल्लंघन किया है.’ उनका कहना है कि अगर शुरुआती जांच में किसी भी स्तर पर लीपापोती की कोशिश हुई, तो वे बड़े नेताओं, बिजनेसमैन और प्रभावशाली लोगों के नाम सार्वजनिक करेंगे.
उन्होंने भावुक होते हुए अजित पवार को याद करते हुए कहा, ‘अजितदादा हमेशा किसी भी कार्यक्रम में सबसे पहले पहुंचते थे और सबसे आखिर में जाते थे. जब भी मैं मीडिया से बात करता था, जाते-जाते मुझे ताना मारते थे.’ रोहित पवार ने दोहराया कि उनके पास पर्याप्त सबूत और दस्तावेज हैं और जरूरत पड़ने पर वे सब कुछ जनता के सामने रखेंगे.
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय नियमों के मुताबिक किसी भी विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट एक महीने के भीतर सार्वजनिक की जाती है. 28 जनवरी को बारामती में हुए इस हादसे को लेकर अब सबकी नजरें आने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं, वहीं रोहित पवार का यह अल्टीमेटम सरकार के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकता है.

 

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button