क्राइम

हनीमून मर्डर 2.0 ; गला घोंटा, बेरहमी से पीटा; पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति को उतार मौत के घाट

श्रीगंगानगर के गांव 1KLM की सुनसान सड़क पर मिले आशीष की मौत ने इलाके को हिला दिया. शुरुआत में मामला सड़क हादसे का लगा, लेकिन पुलिस जांच में यह एक साजिशन हत्या निकली. महज तीन महीने पहले ब्याही पत्नी अंजलि ने अपने प्रेमी संजय और दो साथियों के साथ मिलकर आशीष की हत्या करवाई. टहलने के बहाने सुनसान जगह ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा गया और गला घोंट दिया गया. लूट का नाटक रचा गया, लेकिन पुलिस की सख्ती में सच्चाई सामने आ गई. चारों आरोपी गिरफ्तार हैं.

श्रीगंगानगर.
 गांव 1KLM की उस सुनसान सड़क पर जो हुआ, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया. महज तीन महीने पहले ब्याह कर आई एक महिला, रात की सैर, झाड़ियों में छिपे लोग और फिर एक ऐसी साजिश, जिसे हादसा साबित करने की पूरी तैयारी थी. लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. पुलिस की तेज जांच ने कुछ ही घंटों में इस हत्याकांड की परत-दर-परत परतें खोल दीं.

रावला थाना क्षेत्र में मिले युवक आशीष की मौत को शुरुआत में सड़क हादसा बताया गया. कहा गया कि किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी और लूटपाट कर फरार हो गया. पर जब पुलिस ने मौके को ध्यान से देखा, तो कहानी कुछ और ही इशारा कर रही थी. शरीर पर चोटों के निशान, घटनास्थल की स्थिति और साथ मौजूद पत्नी अंजलि के बयान. सब कुछ मेल नहीं खा रहा था.
पत्नी ने करवाई थी हत्या
पुलिस जांच आगे बढ़ी तो जो सच सामने आया, उसने सबको चौंका दिया. श्रीगंगानगर एसपी डॉ. अमृता दुहन के मुताबिक, आशीष की हत्या किसी बाहर वाले ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी पत्नी अंजलि ने करवाई थी. वजह थी उसका प्रेम प्रसंग. अंजलि शादी से खुश नहीं थी और अपने प्रेमी संजय उर्फ संजू के साथ रहना चाहती थी.
किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं ये कांड
योजना बेहद शातिर थी. 30 जनवरी की रात, खाना खाने के बाद अंजलि ने रोज की तरह आशीष को टहलने के बहाने घर से बाहर निकाला. वह उसे गांव के पास एक सुनसान सड़क तक ले गई. वहीं झाड़ियों में पहले से अंजलि का प्रेमी संजय और उसके दो साथी बादल और रोहित छिपे बैठे थे. जैसे ही आशीष वहां पहुंचा, अंजलि के इशारे पर हमला कर दिया गया. पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया और फिर मफलर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई.
हत्या के बाद कहानी को दूसरा मोड़ देने की कोशिश हुई. अंजलि ने आशीष का मोबाइल और अपने कानों के झुमके आरोपियों को दे दिए, ताकि मामला लूट का लगे. खुद बेहोश होने का नाटक किया और यह दिखाने की कोशिश की गई कि दोनों किसी हादसे का शिकार हुए हैं. शुरुआती तौर पर परिजनों ने भी इसे सड़क दुर्घटना मान लिया और अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई.
जवाब में उलझ गए दोषी
लेकिन पुलिस को शक था. सवाल पूछे गए. जवाब उलझते गए. कड़ी पूछताछ हुई और आखिरकार अंजलि टूट गई. पूरी साजिश सामने आ गई. इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अंजलि, उसके प्रेमी 25 वर्षीय संजय उर्फ संजू, 20 वर्षीय रोहित उर्फ रॉकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया.
बहू की खौफनाक हरकत से आसपास में भय का माहौल
पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उनसे आगे की पूछताछ जारी है. इस खुलासे के बाद गांव 1KLM में खामोशी है, हैरानी है और डर भी. लोग अब भी यही सोच रहे हैं कि महज तीन महीने पहले घर आई एक बहू, इतनी खौफनाक साजिश की मुख्य किरदार कैसे बन गई.
यह कोई पहली घटना नहीं थी
कुछ दिन पहले राजस्थान के अलवर में वीरू जाटव की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा किया थी. जिसमें सामने आया कि पत्नी और प्रेमी ने 2 लाख की सुपारी देकर चार युवकों से वीरू की हत्या करवाई थी.
राजस्थान के करौली में 30 साल की महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने 60 वर्षीय पति की हत्या कर दी थी. पति की गला घोंटकर हत्या के बाद शव को भरतपुर जिले के बयाना इलाके में कुएं में फेंक दिया था. इसके बाद खुद पुलिस से शिकायत की, ताकि पुलिस को गुमराह कर सके, लेकिन जांच में पूरे मामले का खुलासा हो गया, आरोपी महिला और उसके प्रेमी समेत अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया.
वहीं एक और मामला जयपुर का था जहां महिला और उसके प्रेमी ने पति की हत्या कर दी. सीसीटीवी फुटेज में वे शव को बाइक पर ले जाते हुए नजर आए थे. महिला और उसके प्रेमी, जिनका विवाहेतर संबंध था, ने अपने पति के सिर पर लोहे के पाइप से वार किया और रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी.

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button