मनोरंजन

‘शोले के बाद ऐसी सफलता नहीं देखी’, प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे का बयान, बोलीं- और धमाकेदार होगी ‘धुरंधर 2’

‘धुरंधर’ की जबरदस्त कामयाबी के बाद प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने इसकी तुलना शोले से कर दी है. उनका कहना है कि दशकों बाद किसी फिल्म ने दर्शकों की कल्पना पर ऐसा कब्जा किया है. उन्होंने माना कि यह जीत मेकर्स से ज्यादा ऑडियंस की है. साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि ‘धुरंधर 2’ पहले भाग से भी ज्यादा बड़ी और धमाकेदार होगी, जिसे कई भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है.

 

नई दिल्ली. आदित्य धर निर्देशित ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जो इतिहास रचा, जिसकी गूंज रोज सुनाई दे रही है. घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बनने के बाद अब इसके सीक्वल को लेकर एक्साइटमेंट काफी बढ़ गया है. फिल्म दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कमाई कर चुकी है. अब फिल्म की प्रोड्यूसर और रिलायंस इंडस्ट्रीज की प्रेसिडेंट (मीडिया एंड कंटेंट बिजनेस) ज्योति देशपांडे ने इसकी सफलता की तुलना 1975 की क्लासिक फिल्म ‘शोले’ से कर दी है.

फॉर्च्यून इंडिया को दिए इंटरव्यू में ‘धुरंधर’ की सफलता की तुलना ‘शोले’ से की. उन्होंने कहा कि ‘शोले’ के बाद उन्हें इस तरह की सफल फिल्म याद नहीं आती.

‘शोले’ के बाद मुझे ऐसी सफलता याद नहीं

बातचीत में ज्योति ने कहा कि यह सिर्फ मेकर्स की जीत नहीं, बल्कि दर्शकों की सफलता है. उनके मुताबिक, दशकों बाद कोई फिल्म दर्शकों की कल्पना पर इस तरह छाई है. उन्होंने कहा, ‘लोगों ने फिल्म को बार-बार देखकर और उसके बारे में बात करके इसे सफल बनाया. यह 60 दिनों से ज्यादा समय तक सिनेमाघरों में चली. ‘शोले’ के बाद मुझे ऐसी सफलता याद नहीं आती. इससे बड़ा सम्मान फिल्ममेकर को नहीं मिल सकता. इसे पैसे या मार्केटिंग से हासिल नहीं किया जा सकता.’

और भी बड़ा औक धांसू होगा सीक्वल

 

सीक्वल को लेकर उन्होंने साफ किया कि दूसरा भाग पहले से कहीं ज्यादा बड़ा होगा. उन्होंने कहा, अगर पहला पार्ट नहीं चलता तो सीक्वल शायद फाइलों में ही रह जाता, लेकिन टीम को भरोसा था कि फिल्म धमाका करेगी. अब ‘धुरंधर 2’ को पांच भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है. ज्योति ने यह भी दावा किया कि हिंदी में बनी होने के बावजूद फिल्म को दक्षिण भारत से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और यह पाकिस्तान में भी सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल रही.

मल्टीस्टारर फिल्म का जादू

‘धुरंधर’ एक स्पाई एक्शन थ्रिलर है, जिसमें रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए. कहानी एक भारतीय जासूस की है, जो दुश्मन के नेटवर्क को तोड़ने के मिशन पर निकलता है. जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया.

‘धुरंधर 2’ की होगी ‘टॉक्सिक से टक्कर

अब सीक्वल में रणवीर के किरदार की बैकस्टोरी और अर्जुन रामपाल के साथ बड़ी टक्कर दिखाई जाएगी. फिल्म की रिलीज डेट 19 मार्च तय बताई जा रही है, जहां बॉक्स ऑफिस पर इसका सामना यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ से होगा. इतिहास रच चुकी ‘धुरंधर’ के बाद अब नजर इस बात पर है कि क्या दूसरा भाग भी वही कमाल दोहरा पाएगा या नहीं.

डोनेट करें - जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर क्राइम कैप न्यूज़ को डोनेट करें.
 
Show More

Related Articles

Back to top button